Betul News: मोबाइल बैटरी फटने से छात्र गंभीर रूप से घायल, हाथ की उंगलियां कटकर दूर गिरीं
Betul News: Student seriously injured due to mobile battery explosion, fingers of hand got cut and fell away

स्कूल में दहशत का माहौल
Betul News: झल्लार( विकास सोनी)। भैंसदही विकासखंड की ग्राम पंचायत मच्छी स्थित प्राथमिक शाला मच्छी में एक दर्दनाक हादसा हो गया। कक्षा 5वीं में अध्ययनरत एक छात्र मोबाइल बैटरी में तार जोड़ने का प्रयास कर रहा था, तभी अचानक विस्फोट हो गया। इस हादसे में छात्र का हाथ बुरी तरह घायल हो गया और उसकी उंगलियां कटकर दूर जा गिरीं।
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब स्कूल की छुट्टी हो चुकी थी और कुछ बच्चे स्कूल परिसर से बाहर लघुशंका के लिए गए थे। कक्षा पांचवीं के दो छात्र—भावेश पिता सुखनंदन नावडे (जाति–आदिवासी) और अल्केश परते—ने मोबाइल बैटरी को तार से जोड़ने का प्रयास किया। तभी अचानक बैटरी में जोरदार विस्फोट हो गया।
धमाके की आवाज सुनते ही स्कूल के शिक्षक बाहर पहुंचे। उन्होंने देखा कि भावेश का हाथ खून से लथपथ था और उसकी उंगलियां विस्फोट में कटकर दूर जा गिरी थीं। इस भयावह दृश्य को देखकर शिक्षक तत्काल सक्रिय हुए।
प्रधानाध्यापक नखाते और सीएससी प्रभारी जायसवाल ने तत्काल छात्र के परिजनों को सूचना दी और घायल छात्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, झल्लार पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज शुरू कर दिया गया है।
हादसे के बाद भय का माहौल
स्कूल में हुए इस हादसे के बाद दहशत का माहौल है। शिक्षकों ने छात्रों को किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण से दूर रहने की सख्त हिदायत दी है। साथ ही, अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखे।




