Betul Hospital News: जिला अस्पताल का बंद विश्रामालय खुला, 50 रुपए में मिलेगा ठिकाना

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की नाराजगी के बाद अस्पताल प्रशासन ने शुरू की व्यवस्था, 30 बिस्तरों वाले विश्रामालय में पलंग, गद्दे और कंबल की सुविधा

Betul Hospital News: बैतूल। जिला अस्पताल में मरीजों के साथ आने वाले परिजनों के लिए बनाए गए विश्रामालय पर लगा ताला आखिरकार खुल गया। विश्रामालय शुरू होने के बाद भी भवन बंद रहने का मामला सामने आने और इसे लेकर सांझवीर टाईम्स में खबर प्रकाशित होने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने सांझवीर की खबर का हवाला देते हुए सिविल सर्जन डॉ. जगदीश घोरे को फटकार लगाते हुए विश्रामालय तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। इसके बाद हरकत में आए अस्पताल प्रबंधन ने विश्रामालय को मरीजों के परिजनों के लिए खोल दिया है।

अब जिला अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों के परिजनों को रात गुजारने के लिए इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। 30 बिस्तरों वाले इस विश्रामालय में प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 50 रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है। यहां ठहरने वालों को पलंग, गद्दे और कंबल उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा शौचालय और स्नानघर की सुविधा भी रहेगी।

50 रुपए में मिलेगी रात गुजारने की सुविधा

विश्रामालय में रुकने वाले परिजनों को निर्धारित शुल्क जमा करना होगा। हालांकि यहां भोजन और नाश्ते की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जाएगी। इसके लिए मरीजों के परिजनों को स्वयं व्यवस्था करनी होगी। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि शुरुआती स्तर पर उपलब्ध संसाधनों के आधार पर व्यवस्था शुरू की गई है।

तीन कर्मचारियों की लगाई ड्यूटी

विश्रामालय के संचालन के लिए फिलहाल अस्पताल के तीन कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। कर्मचारियों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार निर्धारित की जाएगी। वहीं, नियमित और सुचारू संचालन के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की आवश्यकता को देखते हुए सिविल सर्जन ने छह कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए कलेक्टर को पत्राचार किया है। फिलहाल कलेक्टर ने नई नियुक्ति होने तक अस्पताल में पदस्थ कर्मचारियों से ही प्रारंभिक व्यवस्था संचालित करने के निर्देश दिए हैं। इससे विश्रामालय की व्यवस्था को तत्काल चालू रखा जा सके।

खबर के बाद हरकत में आया अस्पताल प्रबंधन

जिला अस्पताल में विश्रामालय का शुभारंभ तो कर दिया गया था, लेकिन इसके बाद भवन पर ताला लगा दिया गया। नतीजा यह रहा कि जिस सुविधा का लाभ मरीजों के परिजनों को मिलना था, वह शुरू होने के बावजूद बंद पड़ी रही। दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से इलाज कराने आने वाले मरीजों के परिजनों को रात में ठहरने के लिए परेशानी उठानी पड़ रही थी। इस मामले को सांझवीर टाईम्स ने प्रमुखता से उठाया।

खबर सामने आने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मामले का संज्ञान लिया और सिविल सर्जन को जमकर फटकार लगाते हुए तत्काल विश्रामालय खोलने के निर्देश दिए। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए विश्रामालय शुरू कर दिया। अब जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों को कम खर्च में सुरक्षित स्थान पर ठहरने की सुविधा मिल सकेगी। हालांकि आगे व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए पर्याप्त कर्मचारियों की नियुक्ति और भोजन जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता भी महत्वपूर्ण होगी।

इनका कहना….

विधायक के निर्देश के बाद विश्रामालय को मरीजों के परिजनों के लिए खोल दिया है। 50 रुपए प्रति व्यक्ति के हिसाब से चार्ज लिया जाएगा। मरीज के परिजन यहां ठहर सकते हैं। अभी प्रारंभिक व्यवस्था के लिए तीन कर्मचारियों को तैनात किया है।

डॉ जगदीश घोरे, सिविल सर्जन, जिला अस्पताल बैतूल

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button