Betul Ki Khabar: लल्ली चौक से थाना चौक तक 6 फिट बाहर होगी पोल शिफ्टिंग, 3 ट्रांसफार्मर भी हटेंगे
Betul Ki Khabar: Poles will be shifted 6 feet outside from Lalli Chowk to Thana Chowk, 3 transformers will also be removed

बिजली कम्पनी और नपा ने किया सर्वे, सड़क किनारे लगेंगे पेविंग ब्लाक
Betul Ki Khabar: बैतूल। थाना चौक से लल्ली चौक तक उत्कृष्ट सड़क निर्माण के भूमिपूजन के अवसर पर यहां रहने वाले स्थानीय नागरिकों की मंशा को जल्द पूर्ण किये जाने के बैतूल विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के आश्वासन का असर दिखने लगा है। व्हाइट टापिंग सड़क का निर्माण तो चल ही रहा है। गुरुवार अव्यवस्थित बिजली पोलों को व्यवस्थित करने के लिए सारा दिन बिजली कम्पनी और नपा के अधिकारियों ने, लल्ली चौक से लेकर थाना चौक तक सर्वे कर पोल शिफ्टिंग की रूप रेखा तैयार की है।
इस दौरान तीन ट्रांसफार्मरों को भी शिफ्ट किये जाने के लिए जगह चिन्हित कर ली गई है। पोल और ट्रांसफार्मर शिफ्ट होने के तत्काल बाद नाली निर्माण का काम भी शुरू कर दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि पोल शिफ्टिंग के बाद सड़क की चौड़ाई बढ़ने के बाद सड़क से सटकर पेविंग ब्लाक लगाए जाने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है। जिसके बाद काफी हद तक यहां आम नागरिकों को राहत मिल सकेगी।
6 से सात फिट अंदर शिफ्ट होंगे पोल
थाना रोड पर पोल शिफ्टिंग को लेकर नपा के विद्युत शाखा प्रभारी अमित सक्सेना ने बताया कि, बिजली कम्पनी के अधिकारीयों के साथ संयुक्त सर्वे कर कर योजना तैयार कर ली गई है। लाली चौक से थाना चौक तक सड़क किनारे लगे लगभग 60 से 70 पोल शिफ्ट किये जायेंगे। इन बिजली पोलो को 6 से 7 फिट अंदर शिफ्ट किया जाना है। लल्ली चौक और पुराने पोष्ट ऑफिस के सामने स्तिथ दोनों ट्रांसफार्मर गांधी चौक पर प्याऊ की खाली जगह पर शिफ्ट किया जाएगा।
इसी तरह रेमंड शो रूम के सामने लगा ट्रांसफार्मर सुभाष प्रायमरी स्कूल के सामने शिफ्ट किया जाएगा। बिजली पोल शिफ्टिंग के तत्काल बाद सड़क के दोनो तरफ नाली निर्माण का काम भी शुरू किया जाएगा, इसके टेंडर भी हो चुके हैं। लोक निर्माण विभाग द्वारा व्हाइट टापिंग सड़क निर्माण के बाद सड़क से सटकर पेविंग ब्लॉक से फुटपाथ बनाये जाने की योजना है। इसके बाद काफी हद तक इस सड़क पर यातायात सुगम हो जाएगा तो वहीं स्थानीय नागरिकों की समस्याओं का समाधान भी हो जाएगा।




