Betul Samachar: समाधान योजना में बिजली विभाग ने बढ़ाई वसूली की रफ्तार

1.87 लाख बिजली उपभोक्ताओं से 75.96 करोड़ वसूलना बाकी
Betul Samachar: बैतूल। मध्यप्रदेश शासन की समाधान योजना के तहत जिले में बिजली विभाग ने बकाया वसूली की रफ्तार तेज कर दी है। लंबे समय से बिजली बिलों का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं पर अब विभाग सख्ती से कार्रवाई कर रहा है। जिले में वर्तमान में लगभग 1 लाख 87 हजार बकायादार उपभोक्ता हैं, जिनसे 75 करोड़ 96 लाख रुपए की वसूली की जानी है।
समय सीमा के भीतर इतनी बड़ी राशि की बकाया वसूली को लेकर विभागीय अमला पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। बिजली विभाग के मुखिया के निर्देश पर जिले में वसूली के लिए युद्ध स्तर पर मैदानी अमला प्रयास भी कर रहा है। यही वजह है कि, करीब 56 हजार उपभोक्ताओं से वसूली की भी जा चुकी है। इस बड़े टारगेट को अधिकारियों द्वारा 31 जनवरी तक हासिल करना है।
सरचार्ज में उपभोक्ताओं को दी जा रही छूट
समाधान योजना के अंतर्गत उपभोक्ताओं को बकाया राशि पर सरचार्ज में छूट देकर मूल राशि जमा करने का अवसर दिया जा रहा है। योजना का उद्देश्य यह है कि उपभोक्ता स्वेच्छा से अपने पुराने बकाया का भुगतान करें और विभाग की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया जा सके। इसी के चलते शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष वसूली अभियान चलाए जा रहे हैं।
1 लाख 87 हजार उपभोक्ताओं पर 75 करोड़ बकाया
बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार कई उपभोक्ता ऐसे हैं जिन पर लंबे समय से हजारों से लेकर लाखों रुपए तक का बकाया है। इनमें घरेलू, कृषि, व्यावसायिक और औद्योगिक उपभोक्ता शामिल हैं। कम्पनी के महाप्रबंधक बी एस बघेल, ने बताया कि समाधान योजना के तहत विभाग द्वारा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जहां उपभोक्ताओं को मौके पर ही बिल सुधार, किश्तों में भुगतान और छूट की जानकारी दी जा रही है। बकायादारों की सूची के मुताबिक जिले में कुल 1 लाख 87 हजार उपभोक्ताओं 75 करोड़ 96 लाख रुपए की राशि 31 जनवरी तक वसूला जाना है।
वसूली अभियान के दौरान जिन उपभोक्ताओं द्वारा अनदेखी की जा रही है, उनके खिलाफ बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई भी की जा रही है, क्योंकि बिना सख्ती के इतनी बड़ी बकाया राशि की वसूली संभव नहीं है। इसलिए पहले समझाइश, फिर नोटिस और अंत में कनेक्शन विच्छेद की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। आम उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समाधान योजना का लाभ उठाएं और समय रहते अपने बकाया बिजली बिलों का भुगतान करें। ऐसा करने से न केवल अतिरिक्त ब्याज और दंड से राहत मिलेगी, बल्कि बिजली आपूर्ति भी निर्बाध बनी रहेगी।
56 हजार उपभोक्ताओ से वसूले 13 करोड़ 27 लाख रुपए
बिजली विभाग का मानना है कि यदि उपभोक्ताओं का सहयोग मिला तो समाधान योजना के माध्यम से जिले में बकाया राशि का बड़ा हिस्सा वसूल किया जा सकता है, जिससे विद्युत व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सकेगा।
बघेल ने बताया कि शत प्रतिशत वसूली के किये सभी अनुभागों में हमारे अधिकारी और कर्मचारी प्रयासरत हैं ताकी समय सीमा के भीतर वसूली पूरी कर ली जाए यही वजह है कि 1 लाख 87 हजार बकायादारों में से 56 हजार उपभोक्ताओं से 13 करोड़ 27 लाख रुपए की राशि जमा कराई जा चुकी है। कुल मिलाकर योजना के तहत वसूली का काम रोजाना किया जा रहा है। लेकिन अधिकारियों के सामने यह चुनोती जरूर है कि अगले 15 दिनों में उन्हें बाकी बचे 1 लाख 31 हजार उपभोक्ताओं से 62 करोड़ 69 लाख रुपए की वसूली कर टारगेट भी पूरा करना है।
इनका कहना….
समाधान योजना के तहत बकायादारों से वसूली की जारी है, प्रयास किए जा रहे हैं कि समय सीमा के भीतर टारगेट पूर्ण कर लिया जाएगा।
बीएस बघेल, सीई, मप्रमक्षेविविकं, बैतूल




