Betul News : भीमपुर स्वास्थ्य विभाग में हेराफेरी की होगी जांच

Betul News: There will be investigation into rigging in Bhimpur Health Department

कलेक्टर-सीएमएचओ के संज्ञान में आया मामला, जांच के बाद बीएमओ पर होगी कार्रवाई

Betul News : (बैतूल)। भीमपुर के स्वास्थ्य विभाग में एक के बाद एक कई अनियमित्ता सामने आने के बाद अधिकारी भी सख्त हो गए हैं। कलेक्टर को भी सांझवीर टाईम्स में प्रकाशित खबरों के बारे में जानकारी से अवगत कराया गया है। उन्होंने बताया है कि नसबंदी की राशि महिलाओं को न देने समेत कुछ अन्य मामलों में की जानकारी उनके संज्ञान में आई है। इस पर जांच करवाई जा रही है। उधर पूर्व सीएमएचओ रहे डॉ बारंगा ने भी कहा कि कलेक्टर साहब के निर्देश पर जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई तय होगी।

सूत्रों ने बताया कि भीमपुर में पदस्थ होने के बाद से बीएमओ ने जिस तरह शासकीय राशि की हेराफेरी और बंदरबाट की है, इससे वांछित लोगों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया है। सबसे पहले भीमपुर ब्‍लाॅॅक की एक दर्जन ग्रामों की लगभग पांच सौं से अधिक महिलाओं ने शिकायत की थी कि उन्हें नसबंदी प्रोत्साहन राशि ही नहीं दी गई है।

यह मामला इसलिए गंभीर माना जाता है कि प्रोत्साहन राशि शासन से सीधे महिलाओं के खाते में जाती है, लेकिन दो वर्ष बाद भी उनके एकाउंट में यह राशि नहीं पहुंची है। जबकि अधिकारी खुद जानते हैं कि नसबंदी की राशि सीधे खाते मेंं जाती है, इसका दुरुपयोग नहीं किया जा सकता है, लेकिन भीमपुर में परिवार कल्याण कार्यक्रम को बढ़ावा देने के लिए महिलाओं का नसबंदी आपरेशन कर दिया, लेकिन 2200 रुपए की राशि दो वर्ष में भी खाते में नहीं पहुंच पाई है। महिलाएं दो वर्ष से इस राशि के लिए भटक रही है। बीएमओ के अधीनस्थ आने वाले विभागीय कर्मचारी महिलाओं को कागज की खानापूर्ति का बाहना बताकर दो वर्ष से गुमराह कर रहे हैं। इस गंभीर मामले में पूर्व विधायक महेंद्र सिंह चौहान ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कलेक्टर को अवगत कराया था।

अन्य मामलों में भी घिरे बीएमओ (Betul News)

हेल्थ एक्टिविटी के लिए जारी फंड का भीमपुर ब्लॉक में सबसे ज्यादा दुरुपयोग हुआ है। सांसद से विभिन्न मद के लिए राशि तो बड़े पैमाने पर मिली, लेकिन लाखों रुपए का फर्जीवाड़ा किए जाने के आरोप लगे हैं। सूत्रों के अनुसार क्षेत्र के 35 सीएचओ केंद्र में दो वर्ष में भी हेल्थ एक्टिविटी के राशि नहीं पहुंच पाई। कम्यूनिटी हेल्थ आफीसरों ने भी मामले में शिकायत की थी। रोगी कल्याण समिति में मनमाफिक तरीके से भीमपुर बीएमओ ने अपना पावर दिखाकर राशि का आहरण कर लिया गया। इसके अलावा भीमपुर ब्लॉक के तीन पीएससी दामजीपुरा, चूनालोमा और मोहटा में भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की राशि की बंदरबाट कर ली गई। इतना सब होने के बावजूद सीएमएचओ और शीर्ष अधिकारी चुप्पी साधे बैठे रहे।

मामला उजागर हुआ तो होगी जांच

भीमपुर बीएमओ द्वारा संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए क्षेत्र की 54 पंचायतों की चार सैकड़ा से अधिक महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना की लगभग तीस लाख की राशि नहीं दी गई है। इसके साथ ही पांच सौ महिलाओं को नसबंदी के बाद शासन की ओर से मिलने वाली राशि का भुगतान न होना गंभीर लापरवाही की ओर इशारा कर रहा है। सांझवीर टाईम्स में सिलसिलेवार खबर प्रकाशित होने के बाद कलेक्टर ने प्रभारी सीएमएचओ रहे डॉ. अशोक बारंगा को जांच के लिए कहा है। उन्होंने भी माना कि यह गंभीर मामला है। कलेक्टर के इस मामले में कड़े रूख के बाद बीएमओ पर रिकवरी समेत बड़ी कार्रवाई तय मानी जा रही है।

इनका कहना…..

महिलाओं की नसबंदी और प्रसव की राशि के संबंध में शिकायतें गंभीर है। हमने भीमपुर क्षेत्र में हुए इस मामले की जांच के लिए निर्देश दिए हैं। जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। इसके बाद रिजल्ट देंगे।

अमनबीर सिंह बैंस, कलेक्टर बैतूल।

नसबंदी एवं अन्य मामलों में भीमपुर बीएमओ द्वारा की गई अनियमित्ता की शिकायत पर जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपेगे।

डॉ. अशोक बारंगा, पूर्व प्रभारी सीएमएचओ बैतूल।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button