Betul Samachar: कारगिल चौक से गढ़ाघाट तक एक और सड़क की सौगात
Betul News: Another road gift from Kargil Chowk to Gadhghat

8 करोड़ में बनेगी 3 किमी सड़क, लोक निर्माण विभाग ने शुरू की भूमिपूजन की तैयारी
Betul Samachar: बैतूल। शहर में सड़कों के कायाकल्प का सिलसिला जारी है। दो मुख्य सड़क के लिए भूमिपूजन होने के बाद अब खबर है कि शहर के महत्वपूर्ण कारगिल चौक से लिंक रोड होते हुए गढ़ाघाट तक लगभग 2.70 सड़क के टेंडर हो चुके हैं। इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने पहले ही सभी तैयारियां पूरी कर ली थी। अब केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके और स्थानीय विधायक हेमंत खंडेलवाल के पचमढ़ी शिविर से लौटते ही सड़क के लिए भूमिपूजन किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के अधिकारी बता रहे हैं कि कारगिल चौक से पुराना बच्चा जेल चौक तक 10 मीटर और इसके बाद सड़क 7 मीटर बनाई जाएगी।
विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कारगिल चौक से गढ़ाघाट सड़क के लिए काफी पहले प्रयास किए थे। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता से मिलकर 2.70 किमी लंबी सड़क की स्वीकृति दिलाने के लिए जमकर प्रयास किए। इसके बाद करीब 789.35 लाख के बजट की स्वीकृति मिल गई थी। इसके बाद पीडब्ल्यूडी ने लगभग 3 किमी सड़क के लिए टेंडर आमंत्रित किए। यह टेंडर शहर में व्हाइट टापिंग सड़क का निर्माण करने वाले ठेकेदार कपिल शर्मा को मिला है। सारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद लोक निर्माण विभाग जल्द ही भूमिपूजन की तैयारी कर रहा है। विधायक के निर्देश के बाद अधिकारी भी तैयारियों में जुट गए हैं।
टूलेन नहंी, 10 मीटर चौड़ी रहेगी सड़क
कारगिल चौक से गढ़ाघाट तक बनने वाली सड़क दो हिस्सों में बनाई जाएगी। लोक निर्माण अधिकारियों की माने तो पहले हिस्से में कारगिल चौक से पुराने बच्चा जेल तक 10 मीटर सड़क बनेगी। इसके बाद बालाजी विहार से गढ़ाघाट 7 किमी सड़क का निर्माण किया जाएगा। हालांकि कारगिल चौक से पुराना बच्चा जेल तक टून लेन सड़क बनने का सपना पूरा नहीं हो पाएगा। इसके लिए कुल 16 से 17 मीटर हिस्सा होना जरूरी है, लेकिन यहां सड़क तक कई सभ्रांत लोगों ने कब्जा कर रखा है तो कई के पास रजिस्ट्री भी होना सामने आ रहा है। इसी विवाद से बचने के लिए 10 मीटर चौड़ी सड़क बनाने का निर्णय लिया है। हालांकि आजूबाजू से अतिक्रमण हटाकर भविय में सड़क में पेविंग ब्लाक लगाने की कार्ययोजना बनाई जा सकती है। हालांकि इस सड़क के बनने से यातायात सुचारू हो जाएगा।
अतिक्रमण से निपटना अभी भी चुनौती
कारगिल चौक से गढ़ाघाट तक सड़क बनाने के दौरान लोक निर्माण विभाग को अतिक्रमणकारियों से निपटना बड़ी चुनौती हो सकती है। शासकीय रिकार्ड में तो लिंक रोड करीब 48 फीट बताया जा रहा है, लेकिन इस आधार पर अतिक्रमण हटाए गए तो कई अस्पताल और प्रमुख लोगों के घरों के अलावा बैंक, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को तोड़ने की नौबत आ जाएगी। इसके बावजूद अभी की स्थिति में यह सड़क लगभग आठ मीटर चौड़ी बनी है। इसे दो मीटर चौड़ी करने पर अतिक्रमण हटाना किसी चुनौती से कम नहंी होगा, लेकिन लोक निर्माण विभाग के अधिकारी बता रहे हैं कि सड़क बनाने के पहले अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस और राजस्व विभाग की मदद ली जाएगी। इसके बाद सड़क निर्माण किया जाएगा।
इनका कहना…
लिंक रोड से गढ़ाघाट सड़क के लिए टेंडर होने के बाद भूमिपूजन की तैयारी की जा रही है। 7 करोड़ 89 लाख की लागत से 2.70 सड़क दो पार्ट में 10 और 7 मीटर चौड़ी बनाई जाएगी।
प्रीति पटेल, ईई, पीडब्ल्यूडी बैतूल




