Betul Samachar: सड़क निर्माण में बाधा बन रहे बिजली के पोल

सड़क से बिजली के पोल हटे नहीं हो शुरू हो गया काम

Betul Samachar: बैतूल। शहर में सड़क निर्माण कार्यों को लेकर प्रशासन लगातार योजनाएं तैयार कर रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर पुरानी व्यवस्थाओं को दुरुस्त न किए जाने के कारण विकास के रास्ते खुद ही अवरुद्ध हो रहे हैं। ताजा उदाहरण कारगिल चौक से गाड़ाघाट तक 8 करोड़ की लागत से बनने वाली सड़क का है। इसके लिए पीडब्ल्यूडी ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर बकायदा इसका भूमिपूजन कर कार्य प्रारम्भ करने की तैयारी भी कर ली है पर बीच सड़क पर खड़े बिजली के पोल अब तक नहीं हटाए गए हैं और गाड़ाघाट कि ओर से बेरिकेट लगाकर सड़क की छिलाई शुरू कर दी गई है। इससे निर्माण कार्य के शुरू होते ही बीचोंबीच आ रहे बिजली पोलों की वजह से बाधाएं सामने आना तय है। यही हाल कोतवाली सड़क का भी देखने मे आ चुका है। जहां सड़क बन गई, पेविंग ब्लाक तक लगा दिए गए, अब ड्रेनेज का काम भी शुरू कर दिया लेकिन बिजली पोल और ट्रंसफार्मर आज भी मौत बनकर सड़क पर खड़े हुए हैं।

20 लाख के स्टीमेट में आ रही बाधाएं

इस मार्ग पर नागरिकों द्वारा लंबे समय से चौड़ीकरण की मांग की जा रही थी। विधायक हेमन्त खंडेलवाल के विशेष प्रयासों से यह सौगात मिली है। शहर से होकर सीधे राजधानी को जोड़ने वाला यह प्रमुख मार्ग है। प्रतिदिन हजारों वाहन इस सड़क से निकलते हैं, लेकिन जगह कम होने और बीच में लगे बिजली पोलों के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है। बताया जा रहा है कि पोल हटाने के लिए करीब 20 लाख रुपए का स्टीमेट बनाया गया है, लेकिन इसमें भी कुछ बाधाएं आने से प्रपोजल अटका हुआ है। आश्चर्य की बात यह है कि सड़क निर्माण की तैयारी शुरू होने के बावजूद संबंधित विभागों के बीच पोल हटाने को लेकर अभी तक समन्वय नहीं बन पाया है। यदि यही स्थिति रही तो जहां ठेकेदार को सड़क निर्माण करने में विलंब का सामना करना पड़ेगा तो वहीं बीच सड़क पर खड़े बिजली पोल दुर्घटनाओं की वजह भी बनेंगे।

नहीं हटे पोल तो रोकना पड़ेगा सड़क निर्माण

विभागीय सूत्रों के अनुसार पीडब्ल्यूडी द्वारा पूरे प्रयास किए जा रहे हैं कि जल्द से जल्द पोल शिफ्टिंग की प्रक्रिया पूर्ण हो जाए, लेकिन केबल और ट्रांसफार्मर लाइन के कारण तकनीकी प्रक्रिया में समय लग सकता है, जिसका सीधा असर सड़क निर्माण पर पड़ेगा। वहीं ठेकेदार की टीम बताती है कि सड़क निर्माण का काम शुरू होते ही मशीनों के संचालन में पोल गंभीर बाधा बनेंगे, इससे या तो सड़क का स्वरूप बिगड़ेगा या फिर बीच में काम रुक जाएगा।

स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने भी चिंता जताते हुए कहा कि सड़क निर्माण की घोषणा अच्छे विकास का संकेत है, लेकिन कार्य शुरू करने से पहले बाधाएं दूर करना जरूरी है। यह सड़क गाड़ाघाट रोड से कारगिल चौक तक शहर की महत्वपूर्ण कड़ी है, यहां से स्कूल-कॉलेज के छात्र, व्यापारिक वाहन, एम्बुलेंस और ग्रामीण क्षेत्रों का यातायात निरंतर चलता है। यदि निर्माण आधा-अधूरा रहा तो परेशानी और अधिक बढ़ जाएगी। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण शुरू करने से पहले बिजली पोलों को हटाया जाए, क्योंकि विकास का रास्ता तभी सुगम होगा जब विभागों के बीच समन्वय बनाते हुए समय पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी, अन्यथा सड़क निर्माण की प्रक्रिया भी अधर में लटकने का खतरा है।

इनका कहना…

बिजली पोल शिफ्टिंग के लिए 20 लाख रुपए का प्रपोजल बनाया गया है। थोड़ी बाधा आ रही है, लेकिन जल्द से जल्द पोल हटाये जाने का काम शुरू करवा दिया जाएगा, ताकि सड़क का काम सुचारू रूप से किया जा सके।

डी.एस परमार,एसडीओ पीडब्ल्यूडी जिला बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button