Betul Samachar: 125 बसों से भोपाल पहुंचेगी जिले की 5 हजार महिलाएं
Betul News: 5 thousand women of the district will reach Bhopal by 125 buses

कल भोपाल में पीएम करेंगे महिला सशक्तिकरण सम्मेलन का शुभारंभ
Betul Samachar: बैतूल। भोपाल में 31 मई को महिला सशक्तिकरण सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। इस कार्यक्रम में बैतूल से 5 हजार महिलाएं शामिल होंगी। महिलाओं को 125 बसों से भोपाल पहुंचाया जाएगा। इसके लिए परिवहन विभाग बसों की व्यवस्था कर रहा है। महिला एवं बाल विकास और पंचायत विभाग को इस काम की जिम्मेदारी दी गई है। जिला पंचायत सीईओ अक्षत जैन ने बताया कि मुख्य रूप से घोड़ाडोंगरी और शाहपुर विकासखंड की महिलाओं को भोपाल ले जाया जाएगा। स्व सहायता समूह, लाडली बहनें और विभिन्न योजनाओं की हितग्राही भी इसमें शामिल होंगी। महिलाओं को शाहपुर में रात में एकत्रित कर सुबह 4 से 5 बजे के बीच भोपाल के लिए रवाना किया जाएगा।
विभाग के अधिकारी पंचायत स्तर पर जाकर लाड़ली बहनों और आंगनवाड़ी से जुड़ी महिलाओं को एकजुट करेंगे। परिवहन विभाग ने 125 वाहनों का प्रस्ताव भेजा है, जिसके लिए 35 लाख रुपए की मांग की गई है। जंबूरी मैदान भोपाल में होने वाले इस सम्मेलन की थीम सिंदूर है। यह आयोजन अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के मौके पर किया जा रहा है। प्रदेश के हर मंडल से 20 महिलाओं को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में एक लाख से अधिक महिलाएं शामिल होंगी। 620 महिलाएं सिंदूरी साड़ी पहनकर थीम को प्रदर्शित करेंगी।
इन ब्लाकों से जाएगी महिलाएं
जिला परिवहन अधिकारी अनुराग शुक्ला ने बताया कि 125 बसें अधिग्रहित की गई है। सभी महिला हितग्राहियों को शुक्रवार शाम तक बैतूल लाया जा रहा है। इनमें 1500 महिलाएं बैतूल, 2500 महिलाएं शाहपुर, 1 हजार घोड़ाडोंगरी, शेष महिलाएं मुलताई और आमला की रहेगी। उन्होंने बताया कि रात को बैतूल में विश्राम करने के बाद सुबह 4 बजे महिलाओं को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भोपाल रवाना किया जाएगा। उधर भाजपा ने भी अपने स्तर पर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अलग-अलग नेताओं को जिम्मेदारी दी है।




