Betul Ki Khabar: इंस्टाग्राम फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए रची थी अपहरण की कहानी, पुलिस ने किया खुलासा

Betul Ki Khabar: The kidnapping story was fabricated to increase Instagram followers, police revealed

नाबालिग बालक और बालिका दोनों सुरक्षित घर लौटे, पुलिस ने दी अभिभावकों को चेतावनी

Betul Ki Khabar: आमला। नगर में हाल ही में दो नाबालिगों के लापता होने की घटनाओं ने पुलिस और आम जनता को चिंता में डाल दिया था। इनमें से एक मामले में नाबालिग बालक द्वारा स्वयं ही अपहरण की झूठी कहानी गढ़े जाने का खुलासा हुआ है। वहीं, एक बालिका जो बिना बताए घर से चली गई थी, स्वयं ही वापस लौट आई।

इंस्टाग्राम विवाद बना वजह

8 मई को आमला के वार्ड क्रमांक 6, कुम्हार मोहल्ला निवासी मिनेश प्रजापति ने अपने नाबालिग पुत्र भावेश के लापता होने की शिकायत थाने में दर्ज कराई थी। शुरू में आरोप लगाया गया कि दो अज्ञात लोगों ने उसका अपहरण कर लिया था, लेकिन वह किसी तरह जान बचाकर वापस आ गया।

थाना प्रभारी सत्यप्रकाश सक्सेना के नेतृत्व में पुलिस ने गहराई से जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और बालक से कई बार पूछताछ की गई। अंतत: बालक ने स्वीकार किया कि उसने इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स बढ़ाने को लेकर अपने एक मित्र से विवाद के चलते घर से भागने की योजना बनाई थी। वह बैतूल चला गया था, जहां हमलापुर में रात में कुत्तों के पीछा करने पर डर गया और एक राहगीर के मोबाइल से घर फोन कर अपने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन उसे वापस ले आए।

सीहोर में कथा सुन रही थी बालिका

एक अन्य मामले में, 1 मई को वार्ड क्रमांक 6 निवासी प्राची पिता रविंद्र प्रजापति लापता हो गई थी। पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर बालिका की तलाश शुरू की। कुछ दिनों बाद बालिका स्वयं वापस लौट आई। पूछताछ में उसने बताया कि वह परिजनों से नाराज होकर सीहोर चली गई थी, जहां वह कथावाचक प्रदीप मिश्रा की कथा सुन रही थी। सात दिन बाद कुछ स्थानीय महिलाओं ने उसे समझाया, जिसके बाद वह वापस लौट आई।

पुलिस की अपील

थाना प्रभारी सत्यप्रकाश सक्सेना ने कहा कि इन घटनाओं से यह स्पष्ट होता है कि अभिभावकों को अपने नाबालिग बच्चों पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने सलाह दी कि बच्चों को मोबाइल से दूर रखें, क्योंकि इससे न केवल उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है, बल्कि वे अन्य नकारात्मक प्रभावों का भी शिकार हो सकते हैं।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button