Betul News: ग्रीन टाइगर ने रोपे 7 हजार पौधे, वन विभाग ने कागजों पर बता दिए अपने!

नगर वन में पहले से लहलहा रहे पौधों के नाम पर लाखों के बाउचर चार्ज करने का आरोप
Betul News: बैतूल। पर्यावरण संरक्षण के नाम पर करोड़ों खर्च करने वाले वन विभाग की कार्यप्रणाली अब सवालों के घेरे में है। उत्तर सामान्य वन मंडल की बैतूल रेंज में मरामझिरी, हमलापुर और खंडारा बीट में 1 करोड़ 84 लाख की लागत से बनाए जा रहे नगर वन में कथित अनियमितताओं की परतें लगातार खुल रही हैं।
आरोप है कि ग्रीन टाइगर संस्था द्वारा दो वर्ष पहले रोपे गए हजारों पौधों को वन विभाग ने कागजों पर अपना बताकर लाखों के बाउचर चार्ज कर लिए। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह पर्यावरण संरक्षण की आड़ में सरकारी राशि के दुरुपयोग का गंभीर मामला होगा।
सूत्रों के मुताबिक ग्रीन टाइगर संस्था ने करीब दो वर्ष पहले हमलापुर बीट में विभिन्न प्रजातियों के लगभग 7 हजार जंगली पौधे रोपे थे। दस दिनों तक चले अभियान में शहर के नागरिकों ने भी लालिया पहाड़ तक पौधरोपण और देखरेख में भागीदारी की।
दावा है कि इनमें से करीब 80 प्रतिशत पौधे आज भी जीवित हैं, लेकिन नगर वन निर्माण के लिए इसी क्षेत्र का चयन होने के बाद आरोप है कि पहले से रोपे गए पौधों को विभागीय पौधरोपण दर्शाकर बाउचर तैयार कर राशि निकाल ली गई।
बिना पौधे खरीदे कैसे चार्ज हुए बाउचर?
नगर वन के लिए हमलापुर बीट की 20 और खंडारा बीट की 30 हेक्टेयर भूमि सहित कुल 50 हेक्टेयर क्षेत्र चयनित किया गया। सवाल यह है कि यदि पौधरोपण विभाग ने कराया, तो पौधे कहां से खरीदे गए? क्या विभाग ने पौधे स्वयं तैयार किए थे? या फिर पहले से मौजूद पौधों को ही नए रोपण का प्रमाण बना दिया गया? इन सवालों का जवाब बाउचर, खरीदी बिल और मौके के सत्यापन से ही सामने आ सकता है।
जांच दल तक गठित नहीं, कार्रवाई के भरोसे पर सवाल
मामला प्रकाशित होने के बाद विभाग में हलचल तो है, लेकिन जांच की ठोस शुरुआत अब तक नहीं हुई। विभागीय मुखिया द्वारा जांच का भरोसा दिए जाने के बावजूद जांच दल का गठन नहीं होना संदेह को और गहरा रहा है। बाउचरों पर हस्ताक्षर करने वाले अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आनी चाहिए।
अब सवाल यह है कि पौधे लगाने वालों को श्रेय मिलेगा या कागजों पर पौधे रोपने वालों को? निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो नगर वन पर्यावरण संरक्षण की मिसाल नहीं, बल्कि सरकारी धन और जवाबदेही पर बड़ा सवाल बनकर रह जाएगा। इस मामले को लेकर विभाग का पक्ष लेने के लिए बैतूल परिक्षेत्र अधिकारी अरुणेंद्र शुक्ला के मोबाइल नम्बर 9340224412 पर सम्पर्क किया गया ,लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




