Betul Samachar: बिना स्थायी सीएमओ के बेपटरी हुई नपा की गाड़ी, अब प्रभारी के भरोसे पीआईसी और बजट सम्मेलन की तैयारी

एसडीएम ने देयक प्रस्तुत न करने पर एई, सब इंजीनियर और लेखा अधिकारी को जारी किया नोटिस
Betul Samachar: बैतूल। तमाम कवायदों के बावजूद एक माह में भी बैतूल नगरपालिका को स्थाई सीएमओ नहीं मिल पाया है। पूर्व में जिन नामों की चर्चा चल रही थी, यह नाम भी फिलहाल ठंडे बस्ते में जाने की खबर है। इसी वजह नपा की गाड़ी बेपटरी नजर आ रही है। वित्तीय वर्ष समाप्ति होने को है और नपा के हालात किसी से छिपे नहीं है।
मंगलवार को बमुश्किल कर्मचारियों को फरवरी माह का वेतन मिलने वाला है। दूसरी ओर प्रभारी सीएमओ और बैतूल एसडीएम की अगुवाई में ही इस बार 26 मार्च को पीआईसी और 30 मार्च को वित्तीय वर्ष का सम्मेलन बजट के साथ होना तय किया गया है। हालांकि दोनों के एजेंडे अभी तक तय नहीं हो पाए हैं।
बैतूल नपा में हालात ठीक नहीं है। पिछले आठ माह से माली हालत इतनी खराब हो चुकी है कि कर्मचारियों को दो माह बाद वेतन दिया जा रहा है। कर्मचारियों की हड़ताल की चेतावनी का भी असर नहीं हो पा रहा है। वित्तीय वर्ष समाप्ति पर नपा के राजस्व अमले ने 14 मार्च को आयोजित लोक अदालत में रिकार्ड 96 लाख का राजस्व वसूल कर लिया।
इसके बावजूद स्थाई सीएमओ नहीं होने के कारण कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल पाया है, जबकि इस समय चैत्र नवरात्र चल रहा है। कर्मचारियों की नाराजगी के बाद मंगलवार शाम तक कर्मचारियों को वेतन मिलने वाला है। सूत्र बताते हैं कि बीती रात एसडीएम डॉ अभिजीत सिंह के आवास पर नपा के कुछ कर्मचारियों को बुलवाकर वेतन संबंधित फाइल पर हस्ताक्षर किए गए। इसके बाद मंगलवार कर्मचारियों को वेतन दिया जा रहा है।
एजेंडा तय नहीं, बैठक की तिथि पर मंथन
नपा से जुड़े सूत्र बताते हैं कि नए सीएमओ की 20 मार्च तक आमद होने की संभावना थी, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। इसी वजह वित्तीय वर्ष समाप्ति पर होने वाली पीआईसी की बैठक के अलावा बजट का विशेष सम्मेलन भी नहीं हो पाया है। हालांकि कर्मचारियों द्वारा जानकारी देने पर प्रभारी सीएमओ और बैतूल एसडीएम ने निर्देश दिए हैं कि दोनों बैठकें आयोजित की जाए।
पीआईसी की बैठक के लिए 26 मार्च की तिथि तय कर ली है जबकि सम्मेलन 30 मार्च को बाल मंदिर सभागृह में आयोजित यिका जाएगा। हालांकि मंगलवार दोपहर तक न तो पीआईसी और न विशेष सम्मेलन के लिए विषय तय नहीं हो पाए। विशेष सम्मेलन में ही नपा द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 250 करोड़ रुपए का बजट रखा जाएगा।
तीन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
इधर प्रभारी सीएमओ और एसडीएम डॉ अभिजीत सिंह ने एसएनए स्पर्श अंतर्गत अति महत्वपूर्ण योजनाओं का समय सीमा पर देयक भुगतान प्रस्तुत न करने पर नपा के एई नीरज धुर्वे, उपयंत्री नगेंद्र वागद्रे, लेखाधिकारी अंशुल अग्रवाल को नोटिस जारी किया है। सूत्र बताते हैं कि इस नोटिस में शासन की महत्वपूर्ण योजना के अंतर्गत अमृत 2.0 एवं अन्य योजनाओं हेतू शासन स्तर से लिमिट जारी की गई है।
जिसका उपयोग वित्तीय वर्ष की समाप्ति के पहले न किए जाने पर बजट लैप्स होने की संभावना है। प्रभारी सीएमओ ने नाराजगी जाहिर करते हुए लिमिट का उपयोग और किए गए कार्य समय सीमा पर न होने पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने नोटिस में चेतावनी देते हुए अपना स्पष्टीकरण देने के लिए निर्देश दिए हैं। समय पर जवाब न देेने पर एक पक्षीय कार्रवाई की चेतावनी दी है। एसडीएम के इस रूख से नपा में एक बार फिर हड़कंप मचा हुआ है।




