Betul Samachar: पहाड़ी पर भी सुरक्षित नहीं ताप्ती बैराज की पाइपलाइन

एयर वॉल तोड़कर शहर की जलापूर्ति बाधित करने की कोशिश, दुर्गम पहाड़ी पर मुख्य पाइपलाइन का वाल क्षतिग्रस्त

बैतूल। शहर की पेयजल व्यवस्था को सुरक्षित रखने के लिए बनाई गई ताप्ती बैराज की मुख्य पाइपलाइन अब पहाड़ी इलाकों में भी सुरक्षित नहीं रह गई है। खेड़ी के पास पाइपलाइन का एयर वॉल क्षतिग्रस्त होने की घटना के बाद अब ताप्ती घाट की दुर्गम पहाड़ी पर भी अज्ञात लोगों ने पाइपलाइन के वाल को नुकसान पहुंचाया।

इस हरकत से हजारों लीटर पानी दो दिनों तक बहता रहा और शहर की जलापूर्ति व्यवस्था पर संकट खड़ा हो गया। जिस स्थान पर पाइपलाइन क्षतिग्रस्त की गई, वहां न वाहन पहुंच सकते हैं और न आसपास खेत हैं, ऐसे में शहर की पेयजल सप्लाई बाधित करने की आशंका को नगरपालिका अधिकारी भी नजरअंदाज नहीं कर पा रहे हैं। घटना के बाद जल शाखा को आनन-फानन में मरम्मत कर व्यवस्था बहाल करनी पड़ी।

शहर में इस वर्ष अल्प वर्षा के चलते जलसंकट की आशंका पहले से बनी हुई है। नगरपालिका माचना एनीकट और ताप्ती बैराज के पानी को मिलाकर दो दिन के अंतराल में शहरवासियों को जलापूर्ति कर रही है। ऐसे में मुख्य पाइपलाइन के साथ लगातार छेड़छाड़ ने जल शाखा की चिंता बढ़ा दी है।

पहले खेड़ी के पास एयर वॉल क्षतिग्रस्त किया गया और अब ताप्ती घाट की ऊंची पहाड़ी से गुजर रही पाइपलाइन को निशाना बनाया गया। पहाड़ी पर एयर वॉल से पानी का रिसाव होने के कारण दो दिन तक हजारों लीटर पानी व्यर्थ बहता रहा। नगरपालिका को इसकी जानकारी मिलते ही कर्मचारियों को दुर्गम स्थान पर पहुंचकर मरम्मत कार्य करना पड़ा।

दुर्गम पहाड़ी पर पहुंचकर कराई मरम्मत

पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद जल शाखा ने मौके पर पहुंचकर एयर वॉल की मरम्मत के साथ नया नॉन रिटर्न वाल और बटरफ्लाई वाल लगाया। डिस्टेंस सॉकेट में वेल्डिंग कर जोड़ को मजबूत किया गया, जिसके बाद 335 एचपी मोटर से सप्लाई दोबारा शुरू की गई।

मरम्मत की पूरी प्रक्रिया में करीब एक दिन लगा। इसके अलावा जेसीबी से पहाड़ी क्षेत्र में गड्ढा खोदकर पाइपलाइन को नीचे किया गया, ताकि उसे अतिरिक्त मजबूती मिल सके और भविष्य में इस तरह की क्षति से बचाया जा सके।

खेत नहीं, फिर भी वाल तोड़ने का मकसद क्या?

नगरपालिका अधिकारियों के लिए इस घटना का सबसे हैरान करने वाला पहलू क्षतिग्रस्त स्थान की भौगोलिक स्थिति है। जिस पहाड़ी पर एयर वॉल से पानी का रिसाव हुआ, वहां आसपास खेत भी नहीं हैं, जहां कोई किसान पानी लेने के लिए वाल खोल सकता था।

ऐसे में पाइपलाइन को नुकसान पहुंचाने के पीछे शहर की जलापूर्ति बाधित करने की मंशा होने की आशंका जताई जा रही है। नगरपालिका अपने स्तर पर मुखबिर तंत्र के माध्यम से शरारती तत्वों की जानकारी जुटा रही है। आरोपियों का पता चलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी भी की जा रही है।

जलसंकट के बीच बढ़ी चिंता

अल्प वर्षा के चलते आने वाले महीनों में शहर में पानी की उपलब्धता चुनौतीपूर्ण हो सकती है। ऐसे समय में मुख्य जलापूर्ति लाइन को नुकसान पहुंचाना हजारों नागरिकों की परेशानी बढ़ाने वाला है। नगरपालिका ने मरम्मत के साथ पाइपलाइन की सुरक्षा और मजबूती पर भी ध्यान दिया है, लेकिन लगातार सामने आ रही घटनाओं ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि शहर की जीवनरेखा कही जाने वाली जलापूर्ति व्यवस्था आखिर कितनी सुरक्षित है।

इनका कहना….

पहाड़ी पर स्थित पेयजल पाइपलाइन के वाल को शरारती तत्वों ने क्षतिग्रस्त किया था। तत्काल मरम्मत कर उसे मजबूती प्रदान की गई है। वाल क्षतिग्रस्त करने वालों का पता लगाया जा रहा है, ताकि उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जा सके।

राहुल शर्मा, सब इंजीनियर, नगरपालिका बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button