Betul Samachar: 1.84 करोड़ की नगर वाटिका में ‘खेल’ की आशंका, निर्माण जांच के घेरे में

मुख्य वन संरक्षक मधु वी. राजू ने लिया संज्ञान, डीएफओ की गैरमौजूदगी में खुद जांच कराने का दिया भरोसा
Betul Samachar: बैतूल। हमलापुर डिपो से सटकर 1 करोड़ 84 लाख रुपए की लागत से तैयार हो रही नगर वाटिका अब निर्माण से ज्यादा कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर सुर्खियों में है। निर्माण कार्य में गड़बड़ी और सरकारी राशि के बंदरबांट की आशंकाओं को लेकर उठ रहे सवालों पर आखिरकार मुख्य वन संरक्षक मधु वी. राजू ने संज्ञान लिया है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने का भरोसा दिया है। अब देखना होगा कि जांच सिर्फ कागजों तक सीमित रहती है या निर्माण की हकीकत भी सामने आती है।
नगर वाटिका के निर्माण में कथित गड़बड़ियों को लेकर लगातार सवाल उठने के बाद बैतूल वन परिक्षेत्र में भी हलचल तेज होने की जानकारी सामने आ रही है। विभागीय सूत्रों के दावे बेहद गंभीर हैं। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ महीनों में तेजी से प्रमाणक तैयार कराकर उनका भुगतान भी करा लिया गया, जबकि कुछ ऐसे निर्माण कार्यों की राशि भी आहरित होने की चर्चा है, जो मौके पर हुए ही नहीं।
सूत्रों का यहां तक दावा है कि परियोजना की कुल लागत का करीब 60 से 70 प्रतिशत हिस्सा खर्च किया जा चुका है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन यदि इनमें सच्चाई है तो यह महज निर्माण में लापरवाही नहीं, बल्कि सरकारी धन के इस्तेमाल में गंभीर वित्तीय अनियमितता का मामला हो सकता है।
डीएफओ छुट्टी पर तो सीसीएफ ने खुद लिया जिम्मा
मामले को लेकर मुख्य वन संरक्षक मधु वी. राजू ने पहले उत्तर वन मंडल के डीएफओ नवीन गर्ग से चर्चा करने की बात कही थी। डीएफओ के अवकाश पर होने के चलते उन्होंने स्वयं जांच करवाने का भरोसा दिया है। इससे अब पूरे मामले में विभागीय जांच की उम्मीद बढ़ गई है।
मौके और दस्तावेजों का मिलान हुआ तो खुल सकती है पोल
सवाल यह है कि यदि निर्माण कार्यों के बिना ही प्रमाणक तैयार हुए और भुगतान भी हो गया तो इसकी निगरानी करने वाले अधिकारियों को इसकी भनक क्यों नहीं लगी? क्या निर्माण की गुणवत्ता और खर्च की राशि का भौतिक सत्यापन किया गया?
नगर वाटिका के माप पुस्तिका, बिल-वाउचर, भुगतान रिकॉर्ड और मौके पर हुए निर्माण का मिलान निष्पक्ष तरीके से किया जाए तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आ सकते हैं। अब निगाहें मुख्य वन संरक्षक की जांच पर टिकी हैं। 1.84 करोड़ की इस परियोजना में खर्च की गई राशि का हिसाब और धरातल पर हुए काम की वास्तविकता सामने आना जरूरी है।
इनका कहना….
मेरे संज्ञान में यह मामला आया है। इसकी जांच करवा लेते हैं। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्यवाही होगी।
मधु वी राजू ,मुख्य वन संरक्षक बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




