Betul News: सिविल सर्जन का सातनकर को बचाने एक और दावा बेनकाब

जिला अस्पताल में कर्मचारियों की फौज, फिर भी एक लिपिक के पास दर्जनों शाखाओं का जिम्मा

भुगतान के बिलों की जांच से खुल सकती है अनियमितताओं की पूरी पोल, सीएमएचओ की जांच में सामने आएंगे कई तथ्य

Betul News: बैतूल। जिला अस्पताल में लिपिक कमलेश सातनकर को सौंपी गई जिम्मेदारियों का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। सांझवीर टाईम्स द्वारा लगातार प्रकाशित खबरों के बाद अब ऐसे तथ्य सामने आ रहे हैं, जो अस्पताल प्रबंधन के दावों पर सवाल खड़े कर रहे हैं। अपने चहेते लिपिक को बचाने के लिए सिविल सर्जन डॉ. जगदीश घोरे द्वारा दिए जा रहे स्पष्टीकरण और वास्तविक कार्यप्रणाली में विरोधाभास नजर आ रहा है।

हैरानी की बात यह है कि जिला चिकित्सालय में कई लिपिक और कर्मचारी पदस्थ हैं, इसके बावजूद महत्वपूर्ण शाखाओं और व्यवस्थाओं का जिम्मा एक ही लिपिक कमलेश सातनकर को सौंपे जाने की जानकारी सामने आ रही है।

सूत्रों के मुताबिक लिपिक सातनकर के पास करीब 15 महत्वपूर्ण शाखाओं और व्यवस्थाओं से जुड़े कामों की जिम्मेदारी है। इनमें रोगी कल्याण समिति के कार्यों से लेकर अस्पताल में पंखे, कूलर, एसी और अन्य व्यवस्थाओं के संचालन एवं रखरखाव से संबंधित काम शामिल बताए जा रहे हैं।

इनसे जुड़े बिलों का सत्यापन और भुगतान संबंधी प्रक्रिया में भी उनकी भूमिका होने की जानकारी सामने आई है। जबकि जानकारों के अनुसार अस्पताल में इस तरह के कई कार्य स्टूवर्ड की जिम्मेदारी के दायरे में आते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि जब जिला अस्पताल में स्थायी स्टूवर्ड पदस्थ हैं, तो उनसे निर्धारित कार्य लेने के बजाय एक लिपिक को इतनी अधिक जिम्मेदारियां किस आधार पर दी जा रही हैं?

भुगतान के बिल खोलेंगे जिम्मेदारियों का राज

अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जाने वाली साबुन-सोडा जैसी जरूरी सामग्री से लेकर साफ-सफाई, सिक्योरिटी, वाहन शाखा और अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित भुगतान की प्रक्रिया भी सवालों के घेरे में है। सूत्रों के मुताबिक इन कार्यों के बिल संबंधित शाखाओं से सत्यापित होकर लेखा शाखा में भुगतान के लिए भेजे जाते हैं।

यदि सीएमएचओ द्वारा इन बिलों, सत्यापनकर्ताओं के हस्ताक्षरों और संबंधित शाखाओं के अभिलेखों की जांच की जाती है तो स्पष्ट हो सकता है कि किन-किन कार्यों में लिपिक सातनकर की भूमिका रही है। इससे अस्पताल प्रबंधन द्वारा उन्हें अतिरिक्त जिम्मेदारी नहीं दिए जाने के दावे की वास्तविकता भी सामने आ सकती है।

कलेक्टर को दिए जवाब पर भी सवाल

गौरतलब है कि सांझवीर टाईम्स में लिपिक सातनकर को स्टूवर्ड और अस्पताल प्रबंधक जैसे महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे जाने को लेकर खबरें प्रकाशित होने के बाद कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन से जवाब मांगा था।

इसके बाद अस्पताल प्रबंधन की ओर से पीआरओ कार्यालय को प्रेसनोट भेजकर अपना पक्ष रखा गया। इसमें दावा किया गया कि सातनकर से स्टूवर्ड और प्रबंधक का काम नहीं लिया जा रहा है। लेकिन अब सामने आ रही जानकारियां इस दावे की जांच की जरूरत को और बढ़ा रही हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जिला अस्पताल में पदस्थ अन्य कर्मचारियों की जिम्मेदारियों और सातनकर को सौंपे गए कार्यों का तुलनात्मक परीक्षण किया जाए।

संबंधित आदेश, कार्यविभाजन सूची, भुगतान की फाइलें, बिलों का सत्यापन और शाखावार अभिलेखों की जांच से पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकती है। कलेक्टर द्वारा सीएमएचओ डॉ. संजीव शर्मा को जांच का जिम्मा सौंपे जाने के बाद अब निगाहें जांच प्रतिवेदन पर टिकी हैं। सवाल सिर्फ एक लिपिक को अतिरिक्त जिम्मेदारी देने का नहीं, बल्कि यह भी है कि अस्पताल में कार्यविभाजन के नियमों का पालन हो रहा है या नहीं।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button