शासकीय भूमि-भवन पर अतिक्रमण से विधायक सख्त

जर्जर भवन का व्यवसायिक उपयोग करने के निर्देश, टीएल की बैठक में विधायक की सलाह पर कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

बैतूल। विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए जिले के जर्जर हो चुके भवनों को अनहोनी की आशंका से डिस्मेंटल किया जाना अत्यंत आवश्यक है। विधायक खंडेलवाल सोमवार को कलेक्टोरेट सभागार में आयोजित टीएल की बैठक में कलेक्टर से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिले में कई शासकीय भूमि एवं भवन ऐसे है, जिन पर लोगों ने अतिक्रमण किया हुआ है। इन भूमि और भवनों को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए। साथ ही शासकीय भवनों यथा अस्पताल, स्कूल, महाविद्यालय, पंचायत की रिक्त भूमि का व्यवसायिक उपयोग किया जाए।

इन भवनों के परिसरों में दुकानें एवं व्यवसायिक कॉम्पलेक्स का नियमानुसार निर्माण कराया जाए, तो स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। साथ ही शासकीय संपत्ति का संरक्षण एवं विकास भी हो सकेगा। कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने विधायक के प्रस्ताव पर प्राथमिकता से अमल करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि तीन दिन के भीतर ऐसे जर्जर भवनों, अतिक्रमित भूमि एवं परिसरों को चिन्हित कर प्रस्तुत करें, जिससे उनके निर्माण और अतिक्रमण की कार्रवाई की जा सके।

शिकायत निवारण का लक्ष्य हो 85 प्रतिशत

कलेक्टर सूर्यवंशी ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में शिकायतों के निराकरण में तेजी लाए। शिकायत निवारण में 79 प्रतिशत का परिणाम संतोषजनक तो है, परंतु लक्ष्य को पूरा नहीं करता। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह की 5 तारीख तक न्यूनतम 80 प्रतिशत शिकायतों का निराकरण होना चाहिए। इस लक्ष्य को आगे रखकर काम करेंगे तब ही ए श्रेणी की कैटेगिरी प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर विधायक की उपस्थिति से शासकीय कार्यों के निष्पादन में जहां तेजी आएगी। वहीं जनप्रतिनिधि एवं प्रशासन के समन्वय से विकास कार्य त्वरित गति से पूरे किए जा सकेंगे।

एक पौधा मां के नाम

विधायक खंडेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव की मंशा के अनुरूप एक पौधा मां के नाम अभियान के अंतर्गत जिले में 25 लाख पौधे रोपण का लक्ष्य रखा गया है। इनमें अभी तक 14 लाख पौधे का रोपण किया जा चुका है। एक अभियान चलाकर पौधा रोपण के कार्य को पूरा किया जाना है। इस हेतु कलेक्टर, डीएफओ, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एक कार्य योजना बनाकर विधिवत भव्य समारोह के आयोजन के साथ पौधारोपण के लक्ष्य को पूरा किया जाएगा।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी अवैध कॉलोनी पर करें सख्ती

मुख्य कार्यपालन अधिकारी अक्षत जैन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में एसडीएम अवैध कॉलोनियों के निर्माण पर सख्ती से अंकुश लगाए। कालोनी निर्माण के बाद कॉलोनाइजर बिना डेव्हलपमेंट और मुलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में लापरवाही बरतते काम छोडक़र चले जाते हैं। उसके पश्चात कॉलोनी के निवासी सुविधाओं के लिए परेशान होते रहते है। इसलिए जरूरी है कि कॉलोनी का निर्माण कॉलोनाइजर नियमानुसार करें। जिपं सीईओ ने अधिकारियों को हिदायत दी कि अवैध कालोनी को लेकर शीघ्र ही नियम के अनुसार कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को परेशान न होना पड़े।

ग्राम सभा के आवेदन पर दे ध्यान

जिपं सीईओ ने कहा कहा कि पेसा कानून के तहत ग्राम सभा के गठन के लिए एसडीएम द्वारा आदेश जारी किए जाते है। कई स्थानों पर स्थानीय मजरे टोले और समाज और वर्ग विशेष के लोग अपनी ग्राम सभा बनाना चाहते है, जिसके लिए वे आवेदन करते है और उन आवेदनों को आधार पर जांच के बाद आप ग्राम सभा बनाने के लिए आदेश जारी करते हैं, परंतु अभी भी अलग-अलग विकासखंडों में 20 से अधिक आवेदन लंबित है। इनका शीघ्र निराकरण करें।इस अवसर पर प्रभारी एडीएम मकसूद अहमद, डीएफओ विजयानंतम टीआर, सभी विभागों के अधिकारी एवं जिले के सभी एसडीएम ऑनलाइन बैठक में उपस्थित थे।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button