Betul News: 1.84 करोड़ का नगर वन या सिर्फ कागजों पर हरियाली?

बच्चों के मनोरंजन के नाम पर झाड़ियों से भर मैदान, पौधरोपण के नाम पर गिनती के पौधे
Betul News: बैतूल। शहर से लगे जंगल को पर्यटन और मनोरंजन के आकर्षक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए वन विभाग द्वारा 1 करोड़ 84 लाख रुपए की लागत से तैयार किया जा रहा नगर वन अब सवालों के घेरे में है। आठ महीने बीतने के बावजूद मौके पर न तो बच्चों के खेलने के लिए पार्क नजर आ रहा है, न वाटर पार्क का कोई अता-पता है और न ही लोगों के घूमने के लिए पाथ-वे का निर्माण दिखाई दे रहा है। करोड़ों रुपए की योजना का जमीनी हाल देखकर सवाल उठने लगे हैं कि आखिर इतनी बड़ी राशि खर्च कर विभाग क्या विकसित कर रहा है?
मौके की स्थिति देखें तो बैतूल वन परिक्षेत्र द्वारा स्टॉप डेम निर्माण के लिए गड्ढा खोदा गया है। कुछ पौधे जरूर लगाए गए हैं, लेकिन उनकी संख्या भी गिनती की ही नजर आती है। इन पौधों की बोरवेल के पानी से सिंचाई करते एक-दो मजदूर दिखाई दे जाते हैं।
इसके अलावा नगर वन की परिकल्पना को जमीन पर उतारने वाले बड़े निर्माण कार्य फिलहाल नजर नहीं आते। ऐसे में आठ महीने की कार्य अवधि के बाद भी योजना की सुस्त रफ्तार विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
50 हेक्टेयर में विकसित होना है नगर वन
जानकारी के मुताबिक प्रदेश के वन मंत्री दिलीप अहिरवार की पहल पर इस नगर वन को स्वीकृति मिली थी। योजना के अंतर्गत हमलापुर बीट के 20 हेक्टेयर और खेड़ला बीट के 30 हेक्टेयर क्षेत्र सहित कुल 50 हेक्टेयर में नगर वन विकसित किया जाना है।
इसमें लोगों के लिए पाथवे, बच्चों के मनोरंजन के लिए पार्क और झूले, वाटर पार्क, आयुर्वेदिक प्रजातियों सहित विभिन्न प्रकार के पौधों का रोपण प्रस्तावित है। उद्देश्य शहरवासियों को प्रकृति के बीच मनोरंजन और सैर-सपाटे की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है।
प्रमाणक जारी होने की जानकारी से उठे सवाल
इस परियोजना को लेकर सूत्रों से ऐसी जानकारी भी सामने आ रही है कि मौके पर अपेक्षित निर्माण कार्य दिखाई नहीं देने के बावजूद विभागीय स्तर पर कार्यों के प्रमाणक जारी किए जा रहे हैं। यदि यह जानकारी सही है तो यह जांच का गंभीर विषय है। आखिर किन कार्यों के आधार पर भुगतान संबंधी प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई और मौके पर उनकी वास्तविक स्थिति क्या है? इन सवालों का जवाब विभाग को देना चाहिए।
जनता के 1.84 करोड़ का हिसाब कौन देगा?
नगर वन जैसी महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य सिर्फ जमीन पर कुछ पौधे लगाकर औपचारिकता पूरी करना नहीं, बल्कि शहर को एक बेहतर हरित और मनोरंजन केंद्र देना है। लेकिन आठ महीने में जब पाथवे, बच्चों का पार्क और वाटर पार्क तक आकार नहीं ले सके, तो योजना की समयसीमा और कार्यों की निगरानी पर सवाल उठना लाजिमी है।
अब देखना यह है कि वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके का निरीक्षण कर वास्तविक प्रगति का खुलासा करते हैं या फिर करोड़ों की यह योजना कागजों में ही हरियाली बिखेरती रहेगी। करोड़ो के इस निर्माण में बरती जा रही लापरवाही को लेकर मुख्य वन संरक्षक मधु वी राजू से चर्चा करने उनके मोबाइल नम्बर 9424790300 पर सम्पर्क किया गया लेकिन उन्होने फोन रिसीव नहीं किया।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




