Betul Ki Khabar: पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती की तबियत बिगड़ी, प्रशासन में हड़कंप
Betul Ki Khabar: Former Chief Minister Uma Bharti's health deteriorates, panic in the administration

घोड़ाडोंगरी, शाहपुर सामुदायिक केंद्रों में अलर्ट पर की गई मेडिकल टीम
Betul Ki Khabar: बैतूल। मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की फायर ब्रांड नेता उमा भारती की तबियत अचानक बिगड़ने से जिले के प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। शुक्रवार को जब उनका काफिला बैतूल जिले की सीमा से गुजर रहा था, तभी उन्हें अचानक उनका स्वास्थ्य बिगड़ गया। उनके निजी स्टाफ द्वारा सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया और घोड़ाडोंगरी तथा शाहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों व स्टाफ को तत्काल अलर्ट कर दिया गया, लेकिन सूत्र बताते हैं कि कुछ ही देर में स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद वे बिना रुके सलकनपुर रवाना हो गई।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक जेड प्लस सुरक्षा के साथ, सुश्री भारती जाम सांवरी से बजरंग बली के दर्शन कर बैतूल होते हुए नर्मदापुरम के सलकन पुर जा रही थीं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बरेठा घाट के पूर्व उन्हें अचानक कमजोरी और बेचैनी की शिकायत हुई थी। साथ में मौजूद अधिकारियों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन को दी , इसके बाद स्वास्थ्य अमले को तैयार रहने के निर्देश दिए गए घोडाडोंगरी और शाहपुर अस्प्ताल का स्टाफ अलर्ट मोड पर आ गया। हालांकि, राहत की बात रही कि उनकी तबियत में थोड़े समय में ही सुधार आ गया और उन्हें किसी तरह की चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता नहीं पड़ी।
बताया जा रहा है कि, इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री का काफिला बिना रुके सीधे सलकनपुर रवाना ही गया , जहां बिजासन माता के दर्शन के बाद सुश्री भारती भोपाल रवाना होंगी। जानकारी मिली है कि उनकी अस्वस्थता को दृष्टिगत रखते इटारसी के निजी अस्पताल में उनका मेडिकल चेकअप कराया जा सकता है। गौरतलब है कि सूचना मिलते ही प्रशासन ने एहतियात के तौर पर दोनों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में इमरजेंसी व्यवस्था कर दी थी।
सीएमएचओ से लेकर जिला स्तरीय अधिकारियों तक पूरी टीम अलर्ट मोड पर थी। उल्लेखनीय है कि उमा भारती प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति में भी अपने तेजतर्रार अंदाज और नेतृत्व शैली के लिए जानी जाती हैं। ऐसे में उनके अचानक अस्वस्थ होने की खबर से कार्यकर्ताओं में बेचैनी फैलना स्वाभाविक था। फिलहाल उनके स्वास्थ्य में सुधार की पुष्टि होने के बाद सभी ने राहत की सांस ली है।




