Betul Me Dhanteras : धनतेरस पर बैतूल का बाजार गुलजार, सराफा से ऑटोमोबाइल तक जमकर हुई खरीदारी
करीब 50 करोड़ रुपए का कारोबार होने का अनुमान, कपड़े, मिठाई और इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों में भी जमकर रौनक

Betul Me Dhanteras : बैतूल। दीपावली पर्व की शुरुआत के साथ ही धनतेरस पर शुक्रवार को बैतूल का बाजार पूरी तरह गुलजार नजर आया। सुबह से ही बाजार में खरीदारों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। दोपहर होते-होते सराफा बाजार से लेकर कपड़ा, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, पटाखा और ऑटोमोबाइल शोरूम तक ग्राहकों की चहल-पहल बढ़ गई। बाजार में उमड़ी भीड़ ने व्यापारियों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी। इस बार धनतेरस पर जिले में करीब 50 करोड़ रुपए का कारोबार होने की संभावना जताई जा रही है।
पिछले कुछ दिनों से बाजार में अपेक्षित रौनक नहीं दिखाई देने के कारण व्यापारी चिंतित थे। उन्हें आशंका थी कि महंगाई और खरीफ फसलों को हुए नुकसान का असर दीपावली की खरीदारी पर पड़ सकता है। हालांकि धनतेरस के दिन ग्राहकों की भीड़ ने इन आशंकाओं को काफी हद तक दूर कर दिया। खास बात यह रही कि फसल खराब होने की चिंताओं के बावजूद लोगों ने परंपरा के अनुसार शुभ मुहूर्त में जमकर खरीदारी की।

सराफा बाजार में दिखी चमक, सोने-चांदी की खरीदारी
धनतेरस के अवसर पर सराफा बाजार में विशेष रौनक रही। सोने-चांदी के आभूषणों की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों का पहुंचना शुरू हो गया था। कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। हालांकि धनतेरस के दिन सोने चांदी के दाम में कामी देखने को मिले। 24 कैरेट सोने के दाम 1 लाख 41 हजार प्रति दस ग्राम और चांदी के दाम 1 लाख 87 हजार रुपए प्रति किलो के आसपास बने हैं।
बावजूद लोगों ने परंपरा निभाते हुए सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी की। कई दुकानों पर दोपहर तक ग्राहकों की भारी भीड़ रही। ज्वेलर्स के अनुसार इस बार दामों में बढ़ोतरी के बावजूद खरीदारी अच्छी रही। वहीं कीमतों में आई कुछ नरमी ने भी ग्राहकों को खरीदारी के लिए प्रोत्साहित किया। सराफा कारोबारियों को उम्मीद से बेहतर व्यवसाय होने से राहत मिली है।
दोपहिया वाहनों की खरीदारी ने बढ़ाई रफ्तार
इस बार धनतेरस पर ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी अच्छी रौनक देखने को मिली। दोपहिया वाहनों के शोरूम पर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। हीरो और होंडा सहित अन्य कंपनियों के वाहनों की खरीदारी हुई। इसके अलावा चारपहिया और इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रति भी ग्राहकों ने रुचि दिखाई। धनतेरस पर वाहन खरीदने की परंपरा के चलते कई लोगों ने पहले से ही बुकिंग करा रखी थी। इस बार दीपावली से पहले फसल कटाई और थ्रेसिंग का काम पूरा होने से भी बाजार में खरीदारी को गति मिलने की बात सामने आई।
मोबाइल बाजार में ऑफरों की भरमार
मोबाइल कारोबार में भी धनतेरस का उत्साह दिखाई दिया। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए मोबाइल दुकानदारों ने विभिन्न कंपनियों के नए मॉडल और आकर्षक ऑफर उपलब्ध कराए। खरीदारी पर छूट, एक्सचेंज और अन्य सुविधाओं के चलते युवाओं सहित परिवारों ने नए मोबाइल खरीदने में रुचि दिखाई। शनिवार को भी मोबाइल दुकानों पर अच्छी ग्राहकी रहने की उम्मीद व्यापारियों को है।

कपड़े, मिठाई और इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों पर भी भीड़
धनतेरस पर केवल सराफा और वाहन बाजार ही नहीं, बल्कि कपड़ा, मिठाई, बर्तन, सजावटी सामान और इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी भीड़ रही। दीपावली की तैयारियों के लिए लोगों ने नए कपड़े, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, सजावटी सामग्री और मिठाइयों की खरीदारी की। पटाखा दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।
कुल मिलाकर धनतेरस ने बैतूल के व्यापारियों के लिए दीपावली की खुशियों को दोगुना कर दिया। महंगाई और फसल नुकसान की आशंकाओं के बीच बाजार में लौटी रौनक ने यह संकेत दिया कि त्योहारों के अवसर पर खरीदारी को लेकर लोगों का उत्साह बरकरार है। अब व्यापारियों की निगाहें दीपावली के अगले दिनों की ग्राहकी पर टिकी हैं।




