Commercial Gas Cylinder: कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई रुकी

होटल-रेस्टोरेंट पर संकट गहराया, 5 किलो के सिलेंडरों की बढ़ी डिमांड
Commercial Gas Cylinder: बैतूल।। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का असर अब जिले के स्थानीय कारोबार पर भी स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई पर रोक लगने से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे और रेहड़ी संचालकों के सामने संचालन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।हालात ये हैं कि होटल, रेस्टोरेंट और ढाबे संचालको को 5 किलो गैस वाले सिलेंडरों से काम चलाना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ समय से कमर्शियल सिलेंडरों की डिलीवरी बंद कर दी गई है, जिसके चलते अधिकांश खाद्य व्यवसायी अब तक पुराने स्टॉक के सहारे काम चला रहे थे। हालांकि अब यह स्टॉक भी समाप्त होने की कगार पर है, जिससे आने वाले दिनों में कई प्रतिष्ठानों के बंद होने की स्थिति बन सकती है। गैस एजेंसी संचालक सुरेंद्र कपूर ने बताया कि उच्च स्तर से मिले निर्देशों के तहत कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई पहले ही रोक दी गई थी।
वर्तमान में केवल अस्पताल, छात्रावास और शासन द्वारा निर्धारित आवश्यक सेवाओं से जुड़े संस्थानों को ही सीमित मात्रा में गैस उपलब्ध कराई जा रही है। इधर, खाद्य विभाग के अधिकारी के.के. टेकाम का कहना है कि, कमर्शियल सिलेंडरों की डिलिवरी रोकने के निर्देश मिले है। जिन प्रतिष्ठानों के पास पहले से सिलेंडर उपलब्ध थे, वे अब खत्म होने की स्थिति में हैं।
यदि जल्द ही सप्लाई बहाल नहीं होती या शासन से कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जाती, तो इसका सीधा असर खाद्य सेवाओं पर पड़ेगा,लेकिन व्यवस्था बनाये जाने के प्रयास किये जा रहे हैं। व्यवसायियों का कहना है कि गैस की कमी के चलते न केवल उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है, बल्कि कर्मचारियों की रोजी-रोटी पर भी संकट मंडराने लगा है। कई छोटे विक्रेताओं के सामने आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई है। यदि स्थिति जल्द सामान्य नहीं होती, तो जिले में होटल और रेस्टोरेंट सहित कई खाद्य प्रतिष्ठान अस्थायी रूप से बंद हो सकते हैं, जिससे आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।




