Betul Hospital News: अभी तक दूर नहीं हुई सॉफ्टवेयर की परेशानी, ब्लड रिपोर्ट नहीं मिलने से मरीज परेशान

नई मशीनें आने के बाद भी व्यवस्था अधर में, तीन-चार दिन इंतजार के बाद मिल रही जांच रिपोर्ट

Betul Hospital News: बैतूल। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में नई मशीनें आने के करीब एक पखवाड़े बाद भी सॉफ्टवेयर अपडेशन की समस्या दूर नहीं हो सकी है। इसके चलते ब्लड जांच कराने वाले मरीजों को समय पर रिपोर्ट नहीं मिल पा रही है। कई मरीजों को अपनी जांच रिपोर्ट के लिए तीन से चार दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं कुछ जांचें भी प्रभावित हो रही हैं।

रिपोर्ट में देरी के कारण मरीजों को उपचार शुरू कराने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के मुताबिक जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में जांच व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नई मशीनें लगाई गई हैं।

मशीनों के संचालन के लिए सॉफ्टवेयर अपडेशन और सिस्टम को अपडेट करने का काम किया जाना था, लेकिन अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। इसके कारण नई मशीनों से जांच और रिपोर्टिंग की व्यवस्था सुचारू रूप से शुरू नहीं हो पाई है।

लैब में काम करने वाले कर्मचारियों के सामने भी परेशानी खड़ी हो गई है। मरीज और उनके परिजन जांच कराने के बाद रिपोर्ट के लिए जानकारी लेने पहुंचते हैं, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण उन्हें निर्धारित समय पर रिपोर्ट नहीं मिल पाती। लगातार देरी होने से मरीजों की नाराजगी कर्मचारियों पर निकल रही है। कर्मचारियों को कई बार मरीजों और उनके परिजनों के गुस्से का सामना करना पड़ रहा है।

कंपनी के कर्मचारी नहीं पहुंचे अस्पताल

बताया जा रहा है कि पैथोलॉजी लैब के सिस्टम और सॉफ्टवेयर से संबंधित काम का टेंडर जिस कंपनी को दिया गया है, उसके कर्मचारी अभी तक जिला अस्पताल पहुंचकर व्यवस्था को दुरुस्त नहीं कर सके हैं।

इसके चलते समस्या बनी हुई है। अस्पताल प्रबंधन द्वारा कई बार कंपनी के अधिकारियों और भोपाल स्तर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

भोपाल से संचालित हो रहा सिस्टम

सबसे बड़ी परेशानी यह है कि लैब का सॉफ्टवेयर सिस्टम भोपाल स्तर से संचालित हो रहा है। स्थानीय स्तर पर अस्पताल प्रशासन के पास सिस्टम में जरूरी सुधार करने की सीमित व्यवस्था है। ऐसे में तकनीकी समस्या आने पर स्थानीय स्तर से तत्काल समाधान नहीं हो पा रहा है। इसका सीधा असर मरीजों की जांच और रिपोर्ट मिलने की प्रक्रिया पर पड़ रहा है।

निजी लैब में जांच कराने को मजबूर मरीज

रिपोर्ट में लगातार हो रही देरी के कारण कई मरीजों को मजबूरी में निजी पैथोलॉजी लैब का रुख करना पड़ रहा है। इससे उन्हें जांच के लिए अतिरिक्त राशि खर्च करनी पड़ रही है। जिला अस्पताल में नि:शुल्क या कम लागत में जांच की सुविधा होने के बावजूद तकनीकी समस्या के कारण मरीजों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। मरीजों ने अस्पताल की जांच व्यवस्था जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है।

इनका कहना….

साफ्टवेयर में सुधार कार्य जारी है। पूरा काम भोपाल स्तर से हो रहा है। समस्या के बारे में कई बार अवगत कराया गया है। साफ्टवेयर अपडेशन पूरा होने के बाद ही पूर्व की तरह ही रिपोर्ट मिलना शुरू हो जाएगी। 

डॉ अंकित सीते, पैथालॉजी प्रभारी, जिला अस्पताल, बैतूल

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button