Betul News: सारणी में अब रोजगार भी मिलेगा, व्यापार भी बढ़ेगा
Betul News: Now employment will be available in the table, business will also increase

विधायक डॉ पंडाग्रे ने कहा- जो कहा कर दिखाया, यही नहीं रूकेंगे, एक और यूनिट के लिए प्रयास शुरू, विरोध करने वाले विपक्षी नेताओं से विधायक का सवाल- स्वागत करने कब आ रहे??
Betul News: बैतूल। उजड़ते सारणी का जुमला पिछले कुछ चुनावों में भाजपा के लिए किसी चुनौती से कम नहीं था। दरअसल यहां न सिर्फ प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस इस मुद्दें पर स्थानीय विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे को घेरने से नहीं चुकती थी, बल्कि आप ने भी जमकर मोर्चा खोला था। सभी पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा पूर्व में यहां 660 मेगावाट की यूनिट स्थापित करने के वायदें याद दिलाकर भाजपा के परंपरागत वोट बैंक में सेंधमारी के प्रयास करते रहे, लेकिन लोकसभा में भाजपा को निर्णायक बढ़त मिली तो विधानसभा और निकाय चुनाव में भी भाजपा को मिली बढ़त से विपक्षियों की हवा निकल गई।
अब गुरुवार को देश की जानी-मानी बीएचईएल कंपनी को 660 मेगावाट की यूनिट का ठेका मिल गया तो पूरे सारणी के लोगों को अब एक नई उम्मीद दिखाई देने लगी है। यह सब क्षेत्रीय विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। बीएचईएल को टेंडर मिलने के बाद डॉ पंडाग्रे ने सांझवीर टाईम्स से खास चर्चा में कहा कि यूनिट के स्थापित होने से न सिर्फ स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा, बल्कि छोटे से लेकर बड़े व्यापारियों का व्यापार भी बढ़ेगा।
उनका लक्ष्य है कि सारणी में एक और 660 मेगावाट की यूनिट स्थापित कर सारणी की पूरी रौनक वापस लौटाएं, इसके लिए उन्होंने प्रयास भी शुरू कर दिए हैं। यदि डॉ पंडाग्रे के प्रयास रंग लाए और इतनी ही मेगावाट की यूनिट सारणी में लग गई तो न सिर्फ यहां बल्कि पूरे जिले के लिए बड़ी सौगात कहीं जा सकती है।
सारणी में पिछले कुछ वर्षों से उजड़ते सारणी का मुद्दा जमकर उठा है। कांग्रेस के साथ आम आदमी पार्टी ने इस मुद्दें को लेकर कई प्रदर्शन कर जनप्रतिनिधियों के घेराव भी किए। एक मर्तबा क्षेत्रीय विधायक डॉ पंडाग्रे के घेराव के दौरान टकराव की स्थिति तक निर्मित हो गई थी। हालांकि उस समय भी विधायक डॉ पंडाग्रे ने कांग्रेसियों को इतना कहा था कि तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की घोषणा को वे पूरा नहीं कराते हैं तो कांग्रेसियों की हर शर्त मंजूर होगी। अपनी बात पर अटल रहने वाले क्षेत्रीय विधायक ने सरकार बदलने के बाद नए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से पिछले एक वर्ष में नई यूनिट की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए जो प्रयास किए, इसका असर तेजी से हुआ है।
ऊर्जा मंत्री प्रधुन्न सिंह तोमर और विभाग के अधिकारियों के साथ विधायक ने हर भोपाल प्रवास पर अन्य कामों के साथ नई यूनिट की प्रगति को लेकर चर्चा करना नहीं भूले। एक बार तो मुख्यमंत्री भी उनके सारणी में 660 मेगावाट की यूनिट स्थापित करने की सक्रियता की सार्वजनिक रूप से प्रशंसा करने से नहीं चुके। पूर्व में सरकार ने सारणी में 660 मेगावाट यूनिट के लिए टेंडर निकाले तो गुरुवार भारत की प्रमुख भारत हेवी इलेक्ट्रिकल लिमिटेड (बीएचईएल) को मौका मिला तो पूरे सारणी में जश्न का माहौल है। यूनिट का काम शुरू होने पर विधायक डॉ पंडाग्रे की जीवटता और सक्रियता की मुक्तकंठ से प्रशंसा हो रही है।

रोजगार भी मिलेगा, व्यापार भी बढ़ेगा
करीब 7 हजार करोड़ की लागत से बनने वाली 660 मेगावाट यूनिट अपने आप में सारणी के लिए इतिहास रचेगी। दरअसल इतने वृहद काम के लिए कंपनी को अपने कर्मचारियों के अलावा क्षेत्र के सैकड़ों मजदूरों एवं अन्य कर्मचारियों की मदद लगेगी। यानी रोजगार की तलाश में लोग अब सारणी जाएंगे। सबसे बड़ी बात यह है कि स्थानीय मजदूरों को इस यूनिट बनने से शुभारंभ होते तक कई माह रोजगार के अवसर उपलब्ध हो जाएंगे।
एक और बड़ी बात सामने आ रही है कि सारणी में कई यूनिट के बंद होने ेके बाद व्यापार जगत बुरी तरह प्रभावित हुआ है, लेकिन यह काम शुरू होते ही एक बार फिर छोटे से लेकर बड़े व्यापारियों के व्यापार में बड़ा इजाफा होने से इंकार नहीं किया जा सकता है। यही वजह है कि यूनिट शुरू होने से न सिर्फ शासकीय कर्मचारी, मजदूर खुश है, बल्कि व्यापारियों की भी खुशी देखते ही बन रही है। यानि सारणी में नई यूनिट स्थापित होने से नए युग की शुरुआत होने की उम्मीद है।
विपक्षियों ने कहा था माला लेकर स्वागत करेंगे, अब उनकी बारी: पंडाग्रे
नई यूनिट के टेंडर होने पर डॉ पंडाग्रे ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि विपक्षी मित्र हमेशा रोड़े अटकाकर विरोध करते थे, लेकिन वे सत्य की राह पर चलकर यूनिट स्थापित करने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और वर्तमान मुख्यमंत्री मोहन यादव से सतत मुलाकात करते रहे। विपक्षी साथियों ने बहुत विरोध किया और कहा कि जिस दिन यूनिट स्थापित होगी वे खुद उन्हें माला पहनाने बैतूल आएंगे। डॉ पंडाग्रे ने पलटवार करते हुए कहा कि ऐसे मित्रों को अब अपना वादा याद रखना चाहिए। विपक्ष ने जनता के सामने झूठ परोस कर भ्रम फैलाया है, लेकिन भाजपा ने हमेशा जो कहा वह करके दिखाया।
यह हमारे लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र में रोजगार व्यापार दोनों बढ़ेगा। यह न सिर्फ सारणी बल्कि बैतूल जिले के लिए गर्व की बात है। विधायक पंडाग्रे ने कहा कि नई यूनिट स्थापित होने के बाद हम रूकेंगे नहीं, एक और 660 मेगावाट की यूनिट स्थापित करने के लिए आज से ही पत्राचार करेंगे। इसके लिए भी मुख्यमंत्री और अधिकारियों से लगातार संपर्क में रहेंगे। यदि एक और यूनिट सारणी में स्थापित हो जाती है तो पूरे क्षेत्र का भाग्योदय हो जाएगा।




