Govt School Condition : शिक्षक सप्ताह में तीन दिन आते हैं, पालकों ने बंद कराया स्कूल

वन ग्राम बेहड़ा स्कूल के हालात, पालकों का आरोप- शिकायत के बाद भी नहीं सुधरे हालात

Govt School Condition : दामजीपुरा। भीमपुर ब्लॉक के देसली वन ग्राम बेहड़ा स्थित शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला में शिक्षकों की कथित अनियमित उपस्थिति को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। ग्रामीणों ने स्कूल में शिक्षकों के नियमित नहीं आने का आरोप लगाते स्कूल बंद करा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक कथित रूप से लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों को स्कूल से नहीं हटाया जाता, तब तक वे अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे।

 

ग्रामीण गोलू सेलुकर ने बताया कि स्कूल में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल में पदस्थ शिक्षक कमल सोनी और लालाराम कास्दे सप्ताह में महज तीन दिन ही स्कूल पहुंचते हैं। इससे नियमित कक्षाएं नहीं लग पा रही हैं और विद्यार्थियों की पढ़ाई पर इसका असर पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार स्कूल की व्यवस्था को लेकर वे कई बार संबंधित विभागीय अधिकारियों, बीईओ और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों को जानकारी दे चुके हैं। इसके बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

ग्रामीणों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से उन्हें स्कूल बंद कराने जैसा कदम उठाना पड़ा।

शिक्षकों के व्यवहार पर भी ग्रामीणों ने उठाए सवाल

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जब वे बच्चों की पढ़ाई और शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर सवाल करते हैं तो उनके साथ कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया जाता है। ग्रामीणों ने इस आरोप की भी जांच कराने और दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीण कमल चौहान सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनका कहना है कि जब तक दोनों शिक्षकों को स्कूल से हटाने अथवा उनके खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक ग्रामीण अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे।

मांग पूरी नहीं हुई तो बीईओ कार्यालय का घेराव

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शिक्षा विभाग ने जल्द मामले की जांच कर कार्रवाई नहीं की तो वे सामूहिक रूप से बीईओ कार्यालय का घेराव करेंगे। ग्रामीणों ने स्कूल में नियमित कक्षाएं संचालित कराने और बच्चों की पढ़ाई सुचारू कराने की मांग की है।

इनका कहना…
वन ग्राम बेहड़ा स्कूल की जानकारी मुझे मिली है। मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर संबंधित के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाएगी।
विशाल भोपले, बीईओ, भीमपुर

 

 

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button