Betul Political News: मर गए तो अलग बात, वरना किसी के कहने से तेरा साथ छोड़ने वाले नहीं
Betul Political News: If you die then it is a different matter, otherwise no one will leave you because of someone's advice.

कमलनाथ के भाजपा में जाने की अटकलों पर पूर्व विधायक बह्मा का सोशल मीडिया पर तीखा वार…
Betul Political News:(बैतूल)। पड़ोसी जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं उनके पुत्र नकुल नाथ के भाजपा में जाने की अटकलों के बीच बैतूल की राजनीति में भी जबरदस्त उबाल आया है। भले ही कमलनाथ और उनके सांसद पुत्र की भाजपा में अब तक एंट्री नहीं हुई है, लेकिन प्रदेश की राजनीति में सीधा हस्तक्षेप रखने वाले वरिष्ठ नेता के अगले कदम पर सबकी नजर टिकी हुई है। बैतूल में उनके छिंदवाड़ा में सबसे अधिक समर्थक मौजूद है। यहां पर भी कई कांग्रेसी अलग-अलग बातें कह रहे हैं, लेकिन खाटी कांग्रेसियों से एक घोड़ाडोंगरी के पूर्व तेज तर्रार विधायक ने सोशल मीडिया पर एक के बाद एक तीन-चार पोस्ट डालकर राजनीति को गरमा दिया है। भलावी की यह पोस्ट उन निष्ठावान कांग्रेसियों के मुंह पर तमाचा है जो भाजपा में जाने की तैयारी कर रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और नकुलनाथ के कांग्रेस की चर्चाएं सोमवार तक खत्म नहीं हो सकी है। भले ही इस मामले में नया ट्विट आया है कि अब कमलनाथ नहीं बल्कि उनके सांसद पुत्र नकुलनाथ की भाजपा में एंट्री हो सकती है। नई दिल्ली में भाजपा की दो दिन की बैठक रविवार शाम खत्म हो गई, लेकिन नेताद्वय के भाजपा में जाने की अटकले सच साबित नहीं हुई। हालांकि चर्चाओं पर यकीन करें तो कमलनाथ और उनके सांसद पुत्र के भाजपा में एंट्री में कुछ पेंच आने के कारण मामला अभी टल गया है, लेकिन लोकसभा चुनाव के पहले कभी भी पार्टी बदलने का सिलसिला बड़े स्तर पर हो सकता है। अभी सभी की नजर इसी ओर दिखाई दे रही है कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और उनके पुत्र नकुलनाथ की अगली रणनीति क्या होगी।
बह्मा की पोस्ट से राजनीति में जमकर चर्चा
बैतूल जिले में भी कमलनाथ के बड़ी संख्या में समर्थक है। पिछले दो दिनों से पूर्व मुख्यमंत्री सुखदेव पांसे और आमला के पूर्व नपा अध्यक्ष मनोज मालवे के दिल्ली में रहने से नाथ के साथ भाजपा में जाने की जमकर अटकले लगाई जा रही थी। इसके अलावा कमलनाथ के कई समर्थक भी जहां साहब, वहीं उनके जाने की बात कर रहे थे। इससे बड़ी संख्या में कांग्रेसियों के भाजपा में शामिल होना तय माना जा रहा था, लेकिन घोड़ाडोंगरी के पूर्व तेज तर्रार विधायक बह्मा भलावी ने पिछले दो दिनों से सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट कर कांग्रेस के प्रति निष्ठा जताई है, यह उन कांग्रेसियों के मुंह पर करारा तमाचा हो सकता है जो अवसर वाद की राजनीति के सहारे मां जैसी पार्टी को बदल रहे हैं। भलावी ने एक के बाद एक पोस्ट करते हुए कहा कि मर गए तो अलग बात है, वरना किसी के कहने से हम तेरा साथ छोड़ने वाले नहीं है.. दूसरी पोस्ट में उन्होंने लिखा है कि झूठी शान के परींदे ही फड़फड़ाते हैं, बाज की उड़ान में कभी आवाज नहीं होती। इस पोस्ट में संयोग वश उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी गले में हाथ डालकर खड़े हैं। बाजू में बैतूल के पूर्व विधायक निलय डागा और धरमू सिंह भी चर्चा करते दिख रहे हैं। एक अन्य पोस्ट में भलावी ने अपने निष्ठावान कांग्रेसी होने का हवाला देते हुए लिखा है कि हार-जीत की परवाह नहीं है, सीना ठोंककर कांग्रेस के साथ थे और रहेंगे। एक ही नारा, एक ही जंग, मरते दम तक कांग्रेस के संग। बह्मा की यह पोस्ट काफी चर्चा में है।
50 करोड़ में नहीं बिका तो अब क्या बिकूंगा?
अपनी बेबाक राय और टिप्पणी के लिए चर्चित पूर्व विधायक बह्मा ने भाजपा में शामिल होने के सवाल पर कहा कि जब वे कांग्रेस से विधायक चुनकर आए थे, तब सरकार बनाने की लालच में भाजपा के जिम्मेदारों ने उन्हें खरीदने की तमाम कोशिशें की। सांझवीर टाईम्स से चर्चा करते हुए श्री भलावी ने बताया कि उन्हें न सिर्फ 50 करोड़ रुपए,बल्कि मंत्री बनाने के साथ इंदौर और भोपाल में बंगला तक देने का लालच दिया गया। उन्होंने दोहराया कि डिमांड करने वालों को उन्होंने दस अरब भी देने पर अपनी मातृ पार्टी न छोड़ने का कहकर रास्ता दिखा दिया था तो अब कुछ लोग अब पार्टी छोड़कर जा रहे तो वे क्यों जाएंगे? उन्होंने कहा कि अलग-अलग नेताओं की अलग-अलग विचारधारा है, लेकिन पार्टी के साथ वे कभी दगा नहीं करेंगे। बह्मा की इस बेबाक बातों और सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट को पिछले चुनाव में उनकी टिकट काटने से जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने एक सवाल पर कहा कि भाजपा की ओर से उन्हें किसी तरह का आफर नहीं है।





