Betul Ki Khabar: अब अस्तित्व में आएंगे एल्डरमैन के अधिकार

लंबे इंतजार के बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किए आदेश
Betul Ki Khabar: बैतूल। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार नगरपालिका परिषद बैतूल में नियुक्त एल्डरमैन के अधिकार अस्तित्व में आने का रास्ता साफ हो गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने एल्डरमेन की नियुक्ति संबंधी आदेश संबंधित नगर पालिका को सौंप दिए हैं। मध्यप्रदेश राजपत्र में अधिसूचना के प्रकाशन के बाद अब नियुक्त एल्डरमैन नगरपालिका परिषद के कामकाज में अपनी भूमिका निभा सकेंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आदेश जारी होने के बाद बैतूल विधायक एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने नगरपालिका में नियुक्त सभी एल्डरमैन को अपने कार्यालय में आमंत्रित कर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने एल्डरमैन के साथ बैठक कर नगरपालिका के कामकाज, शहर के विकास और विभिन्न विकास कार्यों को लेकर चर्चा भी की। माना जा रहा है कि अब एल्डरमैन नगरपालिका की बैठकों एवं विकास संबंधी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा सकेंगे।
33 वार्डो का प्रतिनिधित्व करेंगे 6 एल्डरमेन
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में नगरपालिका परिषद बैतूल के लिए छह एल्डरमेन के नाम शामिल किए गए हैं। इनमें रश्मि पति जुगलकिशोर साहू, शंकर वार्ड क्रमांक-32, मनप्रीत सिंह (मिन्ना) पिता देवेंद्र सिंह अहलूवालिया, जवाहर वार्ड क्रमांक-26, सावन्या पिता रामचरण शेषकर, सुभाष वार्ड क्रमांक-01, नीतेश वर्मा पिता शिवकुमार वर्मा, प्रताप वार्ड क्रमांक-14, राजू सोनकपुरिया पिता अमरचंद सोनकपुरिया, तिलक वार्ड क्रमांक-09 तथा कैलाश यादव पिता भोलाराम यादव, पटेल वार्ड क्रमांक-18 शामिल हैं।
आदेश में उल्लेख किया गया है कि मध्यप्रदेश राजपत्र (असाधारण), नगरीय विकास एवं आवास विभाग, भोपाल में 6 जुलाई 2026 को प्रकाशित अधिसूचना क्रमांक 04 एफ 6/5/0013/2026/18-3 के तहत मध्यप्रदेश नगरपालिका अधिनियम 1961 की धारा 19 की उपधारा (1) के खंड (ग) में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए राज्य शासन ने उक्त व्यक्तियों को नगरपालिका परिषद बैतूल में पार्षद के रूप में नाम निर्दिष्ट किया है।
इनका कार्यकाल वर्तमान परिषद के सह-विस्तारित कार्यकाल अथवा राज्य शासन के अन्य आदेश तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगा। आदेश के बाद अब प्रतीक्षित एल्डरमैन की भूमिका और अधिकार औपचारिक रूप से सक्रिय होने की उम्मीद है।




