Betul News: माचना नदी में बह रहा रहस्यमयी कालापानी

जलीय जीवों पर मंडराया संकट, काले पानी की जांच के आदेश
Betul News: बैतूल। शहर के कर्बला क्षेत्र से होकर बहने वाली माचना नदी इन दिनों रहस्यमयी तरीके से काले रंग में बदल गई है। नदी में बह रहे पानी का रंग अचानक पूरी तरह काला नजर आने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यावरण प्रेमियों की चिंता भी बढ़ गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि पानी का रंग किस कारण बदला है और इसमें किसी रासायनिक पदार्थ या औद्योगिक अपशिष्ट की मिलावट हुई है या नहीं।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि नदी में किसी केमिकल या प्रदूषित अपशिष्ट के कारण पानी का रंग बदला है, तो इसका सबसे अधिक खतरा जलीय जीव-जंतुओं पर पड़ेगा। ऐसे प्रदूषण से मछलियों और अन्य जलचर जीवों की मौत होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पानी के नमूने लेकर जांच करानी चाहिए, ताकि वास्तविक कारण सामने आ सके। माचना नदी का पानी शहर की पेयजल व्यवस्था से भी जुड़ा हुआ है। हालांकि जिस स्थान पर काला पानी दिखाई दे रहा है, वहां से नगर पालिका के फिल्टर प्लांट का एनीकट काफी दूरी पर स्थित है।
राहत की बात यह है कि वर्तमान में फिल्टर प्लांट के लिए माचना नदी का पानी उपयोग में नहीं लिया जा रहा है। इसके बावजूद लोगों में यह आशंका बनी हुई है कि कहीं काला पानी आगे बढ़कर एनीकट तक न पहुंच जाए। सीएमओ नवनीत पांडेय ने बताया कि फिलहाल पेयजल आपूर्ति के लिए माचना नदी का पानी नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि काले पानी की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों को मौके पर जांच के निर्देश दिए गए हैं।
पानी का रंग बदलने के कारणों का पता लगाया जाएगा और यदि प्रदूषण की पुष्टि होती है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। यदि समय रहते प्रदूषण के स्रोत का पता लगाकर उसे रोका नहीं गया, तो माचना नदी की जैव विविधता के साथ-साथ भविष्य में शहर की पेयजल व्यवस्था पर भी इसका गंभीर असर पड़ सकता है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




