Betul News: एल्डरमेन की नियुक्ति के बहाने भाजपा ने साधे कई निशाने

जिले के सभी 10 निकायों में एल्डरमेन बनाए गए, नए चेहरों को भी मौका
Betul News: बैतूल। लंबे समय से होल्ड पर रखी गई एल्डरमेन की नियुक्ति को सरकार और प्रदेश संगठन ने अवकाश के दिन रविवार को जारी कर दिया। प्रदेश के विभिन्न निकायों में लगभग 15 माह के लिए इन एल्डरमेन की नियुक्तियों से भाजपा ने एक तीर से कई निशाने साधने का प्रयास किया है।
बैतूल समेत सारणी, शाहपुर, घोड़ाडोंगरी, चिचोली, आठनेर, बैतूलबाजार, आमला में एल्डरमेन की नियुक्तियां की गई है। इन नियुक्तियों में भी भाजपा ने नए चेहरों को मौका देने का प्रयास किया है। राजनैतिक जानकार बताते हैं कि एल्डरमेन की नियुक्ति के बहाने भाजपा ने राजनीतिक संतुलन साधने की कोशिश की है। इसे भविष्य की राजनीति की जमीन तैयार करने से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
कुछ दिनों पहले भाजपा में विभिन्न प्रकोष्ठों और मोर्चों में नियुक्तियों की शुरुआत हुई थी। इसके बाद संभावना जताई जा रही थी कि निगम मंडल एल्डरमेन और जनभागीदारी की सूची भी जारी हो सकती है। हालांकि किसी को उम्मीद नहीं थी कि रविवार अवकाश के बावजूद प्रदेश की दर्जनों निकायों में यह नियुक्तियां जारी हो जाएगी।
सरकार ने जिला संगठन से एल्डरमेनों के लिए लंबे समय पहले नाम मांगे थे, इन नामों पर लंबे मंथन के बाद रविवार को सूची जारी हो गई है, लेकिन कुछ जगह नए चेहरों के नाम सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया भी देखने को मिल रही है।
क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को तवज्जों
बताया जाता है कि जिला संगठन ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्र के 4 से 6 नाम करीब 6 माह पहले मांगे थे। सूत्र बताते हैं कि कुछ निकायों से अधिक नाम आने के बाद जिला संगठन ने प्रदेश संगठन को नामों का पैनल भेजा था।
हालांकि अधिकांश जगह चार नाम के पैनल एल्डमेन के लिए पहले ही तय किए जा चुके थे, लेकिन पहले से संगठन में विभिन्न नियुक्तियां होने के बाद क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों की पसंद के नेताओं को एल्डरमेन बनने का मौका मिला है। बड़ी बात यह है कि इन नियुक्तियों में वरिष्ठता के अलावा जाति और सक्रियता का भी पैमाना देखा गया है। इसके बाद ही नियुक्तियां की गई है।
इन्हें मिला एल्डरमेन बनने का मौका
मप्र शासन के नगरीय प्रशासन एवं आवास विभाग ने जिले के सात निकायों में एल्डरमेन नियुक्त किए हैं। इनमें जिला मुख्यालय की नपा में वरिष्ठ नेत्री रश्मि साहू, सिख समाज से मनप्रीत सिंह आहूवालिया, अनुसूचित जाति वर्ग से पूर्व पार्षद सावन्या शेषकर के अलावा नीतेश वर्मा, राजू सोनकरपुरिया, कैलाश यादव को शामिल किया है।
सारणी नपा में रमेश किशन पवार, विजय मदने, सरोज विश्वकर्मा, सुनीता यादव, रमेश हारोड़े, संजीत कुमार चौधरी एल्डरमेन बनाए गए हैं। मुलताई में सुनीता नागले, बीना पंजाबी, श्यामू ढोमने, प्रीतम सिसोदिया, राजू चौबे, निलेश चावरिया, आमला में गोविंद बघेल, सपना सोनी, बसंत ओडूकले, गोपाल खतारे, सुरेखा मराठे, आरती पाटिल एल्डरमेन नियुक्त किए गए हैं।
इसी तरह नगर परिषद आठनेर में महेश लहरपुरे, संजय सोनी, रोशन झोड़, किरण जोगी, चिचोली में अमित देशपांडे, कृष्णा सोनी, अमर सिंह राठौर, प्रकाश कटारे, घोड़डोंगरी में प्रशांत गावंडे , प्रिया अरोरा, विकास अग्रवाल, कमलेश जैन, शाहपुर में अरूण तिवारी, डॉ प्रहुम्र कुमार जैन, रूपलता चौधरी, सरला वर्मा, भैंसदेही नप से लक्ष्मी नारायण राठौर, विनोद सोनी, रवि कुबड़े, बैतूलबाजार में कमलेश राठौर, दीपक वर्मा, चंद्रकांत जोशी, कांति पवार को एल्डरमेन बनाया गया है।




