Ward Parikrama: जल संकट-बदहाल सडक़ें और अंधेरे से जूझ रहा जयप्रकाश वार्ड

पार्षद की कार्यशैली पर उठे सवाल, विकास की रफ्तार की कछुआ चाल
Ward Parikrama: बैतूल। नगर पालिका के वार्ड क्रमांक-23 जयप्रकाश वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का अभाव स्थानीय रहवासियों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। पेयजल संकट, जर्जर सडक़ें, अधूरी नालियां और बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर वार्डवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका कहना है कि विकास कार्यों की रफ्तार बेहद धीमी है, जबकि समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। रहवासियों के अनुसार वार्ड में कई-कई दिनों तक पेयजल आपूर्ति बाधित रहती है।
कई बार एक सप्ताह तक नलों में पानी नहीं आने से लोगों को भीषण जल संकट का सामना करना पड़ता है। आरोप है कि नियमित जलापूर्ति नहीं होने के बावजूद जरूरत के समय टैंकरों से भी पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं कराया जाता, जिससे लोगों की परेशानियां और बढ़ जाती हैं।
वार्ड के कई हिस्सों में आज भी पक्की सडक़ और नालियों का अभाव है। बरसात के मौसम में कीचड़ और जलभराव से लोगों का आवागमन प्रभावित होता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई स्थानों पर वर्षों से सडक़ निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक ठोस पहल नहीं हुई। बिजली व्यवस्था को लेकर भी रहवासियों ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि कुछ क्षेत्रों में पर्याप्त विद्युत सुविधाएं नहीं हैं, जबकि कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हैं।
रात के समय अंधेरा रहने से लोगों को आवागमन में दिक्कतों के साथ सुरक्षा संबंधी चिंताओं का भी सामना करना पड़ता है। वार्डवासियों का आरोप है कि विकास कार्य केवल औपचारिकता तक सीमित रहे हैं और जनसमस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से पेयजल, सडक़, नाली और बिजली जैसी मूलभूत समस्याओं का शीघ्र निराकरण कर वार्ड में आवश्यक विकास कार्य कराने की मांग की है।

क्या कहते हैं वार्डवासी
वार्ड में पेयजल की सबसे बड़ी समस्या है। कई बार एक-एक सप्ताह तक नलों में पानी नहीं आता, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती है। मुख्य सडक़ पर बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े होने से आवागमन भी प्रभावित रहता है।
– नारायण हरसुले, वार्डवासी

वार्ड में सडक़ और नालियों का अभाव है। कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा। वार्ड से होकर गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन के कारण पहले भी हादसा हो चुका है, लेकिन अब तक लाइन को हटाने की कार्रवाई नहीं हुई।
– मोहित खातरकर, वार्डवासी

समय पर पेयजल आपूर्ति नहीं होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सप्ताह में एक बार पानी आता है, वह भी पर्याप्त मात्रा में नहीं मिलता। शिकायतों के बावजूद जल संकट का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
– चंदा पचारे, वार्डवासी

गर्मी के मौसम में पानी की समस्या गंभीर हो जाती है। इसके अलावा वार्ड में कई मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट बंद रहने से रात में आवागमन में दिक्कत होती है और सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है।
– गणपति घोरे, वार्डवासी

बजट की कमी से विकास कार्य प्रभावित : पार्षद
नगर पालिका में बजट की कमी के कारण सभी कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो पा रहे हैं। हालांकि वार्ड के कई हिस्सों में सडक़, नाली सहित विभिन्न विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि पेयजल संकट गंभीर समस्या है, जो केवल उनके वार्ड तक सीमित नहीं बल्कि शहर के कई वार्डों में बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि वार्डवासियों की शिकायतों का निराकरण कराने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। वार्ड की कई सडक़ों के टेंडर जारी हो चुके हैं और उनका निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा।
शोभा निरापुरे, पार्षद जयप्रकाश वार्ड
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




