Betul News: Video: सीएम के बाद अब पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने चलाया किसान के खेत में हल

अल्प प्रवास पर बैतूल पहुंचे पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सतलोक आश्रम पहुंचे , कार्यकर्ताओं से भी की मुलाकात
Betul News: बैतूल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी सोमवार को अल्प प्रवास पर बैतूल पहुंचे। सड़क मार्ग से बैतूल पहुंचने के पूर्व पाढर के निकट प्रदेश अध्यक्ष ने बोवनी के लिए खेत तैयार कर रहे एक किसान के खेत मेें पहुंचकर काफी देर तक हल चलाया और उससे चर्चा भी की।
दो दिन पहले मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने एक किसान के खेत में हल चलाया था। इसे अब कांग्रेस ने बैतूल प्रवास पर बैतूल आए प्रदेश अध्यक्ष से हल चलवाकर सीएम की तोड़ के रूप में पेश किया है।
अल्प प्रवास पर बैतूल पहुंचे पीसीसी चीफ ने संत कबीर जयंती के अवसर पर जामठी स्थित सतलोक आश्रम पहुंचकर यहां आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया और भोजन प्रसादी में भी शामिल हुए। बैतूल पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और पार्टी को मजबूत बनाने को लेकर चर्चा की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जिले की राजनीतिक स्थिति और संगठनात्मक मुद्दों से भी उन्हें अवगत कराया।
संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक
इसके बाद पटवारी ने महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, बूथ स्तर तक सक्रियता मजबूत करने तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी ढंग से काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के लिए सभी प्रकोष्ठों की सक्रिय भूमिका आवश्यक है।
अपने प्रवास के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने लल्ली चौक स्थित कांग्रेस कार्यालय की भूमि का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कांग्रेस भवन के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में एक सुसज्जित कांग्रेस भवन संगठनात्मक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा और कार्यकर्ताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। श्री पटवारी ने स्थानीय नेताओं से निर्माण कार्य से जुड़ी औपचारिकताएं जल्द पूरी करने और समयबद्ध तरीके से भवन निर्माण शुरू कराने पर जोर दिया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती और जनहित के मुद्दों पर निरंतर सक्रिय रहने का भी आग्रह किया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा, प्रदेश संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, प्रदेश सचिव समीर खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदेश अध्यक्ष के बैतूल आगमन से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।




