Ward Parikrama: आर्य वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का संकट, पानी, सडक़ और सफाई को तरस रहे रहवासी

Ward Parikrama: बैतूल। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 21 आर्य वार्ड में रहने वाले नागरिक आज भी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में जीवनयापन करने को मजबूर हैं। वार्ड में पेयजल संकट, जर्जर सडक़ें, नालियों की कमी और साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है। स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि चुनाव के दौरान किए गए वादे आज तक धरातल पर दिखाई नहीं दे रहे हैं, जिससे जनता में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
वार्डवासियों के अनुसार क्षेत्र में नियमित और पर्याप्त पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। कई परिवारों को पानी के लिए अतिरिक्त इंतजाम करने पड़ते हैं। वहीं वार्ड के विभिन्न हिस्सों में सडक़ें खस्ताहाल हो चुकी हैं, जिससे लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
वार्ड में बना नाला लंबे समय से सफाई की बाट जोह रहा है। नाले में जमा गंदगी और जलभराव के कारण बारिश के दौरान कई घरों में पानी घुस जाता है। इससे लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का भी सामना करना पड़ता है। रहवासियों का कहना है कि कई स्थानों पर नालियों का निर्माण नहीं होने से गंदा पानी सडक़ों पर बहता रहता है।
साफ-सफाई की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। वार्ड के अनेक स्थानों पर कचरे के ढेर लगे रहते हैं, जिससे दुर्गंध और बीमारियों का खतरा बना रहता है। नागरिकों का कहना है कि नियमित सफाई नहीं होने से क्षेत्र की स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है।
आर्य वार्ड में फलों के कई बड़े गोदाम संचालित होने के कारण यातायात का दबाव भी बढ़ गया है। दिनभर भारी ट्रकों की आवाजाही से सडक़ें क्षतिग्रस्त हो रही हैं और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से वार्ड की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने, नाले की नियमित सफाई कराने, सडक़-नाली निर्माण एवं पेयजल व्यवस्था सुधारने की मांग की है।

क्या कहते हैं वार्डवासी
वार्ड में बने नालों और नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश से पहले नालियों की सफाई हो जानी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसका खामियाजा अब वार्डवासियों को भुगतना पड़ रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद पार्षद इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रही हैं।
हेमंत शर्मा, वार्डवासी

वार्ड में कई फलों के गोदाम संचालित होने के कारण दिनभर भारी ट्रकों की आवाजाही रहती है। संकरी सडक़ों पर बड़े वाहनों के आने-जाने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। यह समस्या वर्षों पुरानी है, लेकिन आज तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका।
रमेश विश्वकर्मा, वार्डवासी

नाले की समय पर सफाई नहीं होने से बारिश के दौरान पानी घरों में घुस जाता है। हर वर्ष बरसात में यही स्थिति बनती है। कई बार पार्षद से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। जल निकासी की समस्या से वार्डवासी लगातार जूझ रहे हैं।
शेख नासीर, वार्डवासी

वार्ड में पेयजल संकट गहराया हुआ है। चार से पांच दिन के अंतराल में पानी की सप्लाई हो रही है, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। इस संबंध में पार्षद से कई बार शिकायत की गई, लेकिन जलापूर्ति व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ।
जुबेर कुरैशी, वार्डवासी

वार्डवासी सहयोग नहीं करते, अकेले सब कुछ संभव नहीं : पार्षद
आर्य वार्ड की पार्षद सबीना बानो का कहना है कि उनके कार्यकाल में वार्ड में कई विकास कार्य कराए गए हैं, जिनमें सडक़ और नालियों का निर्माण भी शामिल है। उन्होंने स्वीकार किया कि वार्ड में पेयजल की समस्या बनी हुई है। उनका कहना है कि विकास कार्यों के लिए जनसहयोग भी जरूरी है। यदि वार्डवासी सहयोग नहीं करेंगे तो अकेले सभी समस्याओं का समाधान करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि वार्ड में जो भी समस्या सामने आती है, उसके समाधान के लिए वे लगातार प्रयास करती हैं।




