Betul Ki Khabar: हेमन्त ने भी माना कुकरू में विकास की अपार सम्भावनाएं

28 को आएंगे सीएम, तब होगी बैतूल के नगरनिगम बनने समेत कई घोषणाएं
Betul Ki Khabar: बैतूल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बैतूल दौरे में व्यस्तताओं के कारण शामिल नहीं हो पाए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अब आगामी 28 जून को जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कुकरू पहुंच रहे हैं। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से अभी तक इस कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
इस बीच शुक्रवार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष औऱ बैतूल विधायक हेमन्त खण्डेलवाल ने रामकृष्ण बगिया में पत्रकारों से अनौपचारिक चर्चा में कहा कि कुकरू में विकास और पर्यटन की अपार सम्भावनाएं है। सीएम 28 को कुकरू आ सकते है।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भैंसदेही विकासखंड स्थित कुकरू में प्रवास कर सकते हैं और यहां उनके रात्रि विश्राम की भी संभावना जताई जा रही है। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर स्थानीय प्रशासन ने प्रारंभिक तैयारियां शुरू कर दी हैं। बताया जा रहा है कि व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए कलेक्टर सौरभ संजय सोनवणे और पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन भी जल्द कुकरू पहुंच सकते हैं।
मुख्यमंत्री के इस संभावित दौरे को लेकर सबसे अधिक चर्चा कुकरू को पर्यटन के नक्शे और बैतूल नगर पालिका को नगर निगम का दर्जा दिए जाने की संभावना को लेकर हो रही है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री कुकरू प्रवास के दौरान बैतूल शहर के लिए कुछ महत्वपूर्ण घोषणाएं कर सकते हैं, जिनमें नगर पालिका को नगर निगम में परिवर्तित करने की घोषणा भी शामिल हो सकती है। यदि ऐसा होता है तो यह बैतूल शहर के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जाएगा।
कुकरू क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में मुख्यमंत्री का यहां प्रवास जिले के पर्यटन विकास को नई गति देने वाला भी साबित हो सकता है। फिलहाल प्रशासन की ओर से आधिकारिक कार्यक्रम जारी होने का इंतजार किया जा रहा है, लेकिन मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर जिले में उत्साह का माहौल दिखाई दे रहा है।




