Betul News: घोड़ाडोंगरी विधायक ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को मिलने बुलाया, फिर कहा-टाइम नहीं
Betul News: Ghoradongri MLA called the national president to meet him, then said - no time

यादव समाज में आक्रोश, सीएम से शिकायत कर पूरे प्रदेश में पुतला दहन की तैयारी
Betul News: बैतूल। 26 करोड़ यादवों का नेतृत्व करने वाले समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर पवन यादव से प्रतिदिन मंडल के साथ मुलाकात का समय तय होने के बावजूद घोड़ाडोंगरी विधायक ने मिलने से इंकार कर दिया। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रतिनिधि मंडल को अपने आवास पर दो टूक शब्दों में कह दिया कि मिलने का समय नहीं है। इससे पूरा यादव आग बबूला हो गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी में पिछले दिनों हुए इस घटनाक्रम के बाद समाज ने निर्णय लिया है कि मुख्यमंत्री को मामले में शिकायत की जाएगी। इसके बाद हर जिला मुख्यालय पर घोड़ाडोंगरी की विधायक गंगा उइके का पुतला दहन किया जाएगा। विधायक के इस रवैए से भाजपा की भी परेशानी बढ़ने की संभावना है।
बताया जाता है कि राष्ट्रीय यदुवंशम सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर पवन यादव गत 26 अप्रैल को शाहपुर-भौंरा प्रवास पर आए थे। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उनका क्षेत्रीय यादव प्रतिनिधियों के साथ विधायक गंगा उइके से मिलने का कार्यक्रम तय था। यादव समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि बैतूल जिला कार्यकारिणी के साथ समाज के लोगों को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन यादव 26 अप्रैल को विधायक के भौंरा स्थित आवास पर मिलने गए थे। उस समय विधायक अपने घर पर ही मौजूद थे।
यादव समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि घर पर रहने के बावजूद विधायक ने यह कहकर मिलने से इंकार कर दिया कि टाइम नहीं है, जबकि उस समय वे ज्यादा व्यस्त नहीं थे। जैसे ही यह बात राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन यादव और अन्य पदाधिकारियों को लगी तो वे आग बबूला हो गए। सभी का एक स्वर में कहना था कि पूर्व में भी दो बार विधायक ने मिलने का समय दिया था, लेकिन यादव समाज के पदाधिकारियों से मिलने से इंकार कर दिया गया। इससे समाज के लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया।
किसी समाज, धर्म का नहीं होता जनप्रतिनिधि
राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन यादव ने बताया कि घोड़ाडोंगरी विधायक गंगा उइके से समाज के प्रतिनिधि मंडल के साथ मिलने का प्रयास किया था, लेकिन विधायक ने उनकी समस्या और सामाजिक मामलों पर बात करने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि किसी एक समाज-धर्म और जाति का नहीं, बल्कि सर्वसमाज का होता है। वासुदेव कुंटुंब का भाव होता है, लेकिन घोड़ाडोंगरी विधायक ने जिस तरह से असंवेदनशील रवैया अपनाकर यादव समाज का अपमान किया है। इससे पूरा समाज आहत है। उन्होंने दोहराया कि यादव समाज की संख्या पूरे देश में 26 करोड़ की है। एक तरफा जीत दिलाने और हराने की क्षमता भी रखता है। इस तरह एकतरफा प्रतिनिधित्व के परिणाम स्वरूप ही हार-जीत का फैसला होता है।
चेतावनी: महाभारत जैसा युद्ध करना पूर्वोजों ने सिखाया
घोड़ाडोंगरी विधायक की चेतावनी के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर पवन यादव ने बताया कि यादव समाज के प्रति असंवेदनशील रवैया अपनाने के बाद पूरे यादव समाज में आक्रोश है। यदि उनका यही रवैया रहा तो पूरे प्रदेश में जिला मुख्यालय पर उनका पुतला दहन कर राज्यपाल और मुख्यमंत्री को शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी है कि यादव समाज सभ्य है और किसी के रहमो-करम पर पलने वाला नहीं।
समाज किसी जाति, धर्म, समाज का विरोध नहीं करता है, बल्कि यदुकुल शिरोमणि भगवान श्रीकृष्णों के वचनों का अनुशरण करते हुए जनहित में कार्य करता है। उन्होंने चेताया कि इतिहास गवाह है कि यदुवंशी स्वाभिमान कोम है। अपने वचनों और हक की पूर्ति के लिए एक महाभारत जैसा युद्ध भी करना पूर्वोजों ने भलीभांती सिखाया है। इस संबंध में घोड़ाडोंगरी विधायक गंगा उइके के मोबाइल नंबर ९४२४९६८४१३ पर कई बार काल किया, लेकिन उन्होंने रिसीव नहीं किया। उन्हें मैसेज भी किया, लेकिन जवाब नहीं आया।




