Transfer News: डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार समेत कई अधिकारियों के थोकबंद तबादले
जिला स्तर पर पटवारियों और कर्मचारियों के भी बड़े पैमाने पर तबादले

Transfer News: बैतूल। राज्य शासन की तबादला नीति के तहत अंतिम तिथि 15 जून को अधिकांश विभागों में तबादला सूची जारी हो गई। देर शाम से सूची जारी होना शुरू हुई थी। यह सिलसिला मंगलवार दोपहर तक जारी है। संभावना है कि मंगलवार देर शाम तक और विभाग में तबादला सूची जारी हो सकती है।
खबर यह भी है कि केबिनेट में तबादला सूची को आगे बढऩे पर मोहर लगती है तो बाद में भी बड़े पैमाने पर शासकीय कार्यालय में तबादलों सूची जारी होगी। इस बीच जिले में भी लंबे समय से जमे अधिकारी और कर्मचारियों के भी थोकबंद तबादले हुए हैं। इनमें डिप्टी कलेक्टर और तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सीएमओ, जनपद सीईओ, खनिज अधिकारी समेत अन्य अधिकारी शामिल है। जिला स्तर पर भी पटवारी और अन्य कर्मचारियों की थोकबंद तबादला सूची जारी हो गई है।
राज्य शासन द्वारा जारी तबादला सूची में बैतूल जिले में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर और आमला एसडीएम का हरदा, डिप्टी कलेक्टर का हरदा तबादला हुआ है। उनके स्थान पर कामिनी ठाकुर संयुक्त कलेक्टर छिंदवाड़ा से बैतूल, बजरंग बहादुर सिंह डिप्टी कलेक्टर खंडवा से बैतूल पदस्थ किए गए हैं। नगरीय आवास एवं विकास विभाग में शिवांगी महाजन सहायक आयुक्त नगर निगम जबलपुर को सीएमओ नप आठनेर, सुश्री शीतल भलावी सहायक आयुक्त नगर निगम रीवा को घोड़ाडोंगरी पदस्थ किया गया है। इन दोनों जगह लंबे समय से प्रभारी सीएमओ के भरोसे काम चल रहा था।
इसके अलावा उपयंत्री योगेश अनेराव को मुलताई से आमला, राजेश भिकोंडे आठनेर से घोड़ाडोंगरी, बलराम कुशवाह सिंगरोली से आठनेर पदस्थ किया गया है। खनिज विभाग में निरीक्षक बीके नागवंशी को सागर भेजा गया है, लेकिन उनके स्थान पर किसी अन्य खनिज निरीक्षक की नियुक्ति नहीं की गई है।
प्रभारी तहसीलदारों में रामलाल पगारे को सिहोर से बैतूल स्थानांतरित किया है। जनपद सीईओ में तीजा पवार घोड़ाडोंगरी जनपद पंचायत जावरा, जिला रतलाम, मुलताई सीईओ धर्मपाल मसराम को जनपद पंचायत वारा सिवनी, शाहपुर सीईओ फिरदोस शाह का बालाघाट तबादला किया है।
पटवारियों के सबसे अधिक तबादले
जिला मुख्यालय पर लंबे समय से पदस्थ पटवारियों के थोकबंद तबादले आदेश जारी हुए हैं। जिला पंचायत से जारी आदेश में 72 पटवारियों को एक तहसील से दूसरे तहसील भेजा गया है। पटवारियों के फेरबदल में अब तक की यह सबसे बड़ी सूची है। इनमें अधिकांश पटवारी एक ही जगह पर लंबे समय से पदस्थ थे। इसी के बाद तबादला सूची जारी हुई है।




