Betul Ki Khabar: बिना निगरानी के करोड़ों के निर्माण कार्य, गुणवत्ता पर उठ रहे सवाल

ठेकेदारों की जगह सचिव और सब इंजीनियर संभाल रहे काम, ग्रामीणों ने जांच की मांग उठाई
Betul Ki Khabar: बैतूल (सांझवीर टाईम्स)। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में करोड़ों रुपए की लागत से कराए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि जिन अधिकारियों पर निर्माण कार्यों की निगरानी की जिम्मेदारी है, वे नियमित रूप से मौके पर नहीं पहुंच रहे हैं, जिससे कार्यों में लापरवाही और अनियमितताओं की आशंका बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार बैतूल विकासखंड की हिवरखेड़ी, टाहली, कुम्हली, कोदारोटी, खेड़ी सहित आसपास की कई ग्राम पंचायतों में चेक डेम और अन्य निर्माण कार्य चल रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इन कार्यों की तकनीकी निगरानी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा केवल औपचारिक निरीक्षण किए जा रहे हैं, जबकि अधिकांश काम सचिवों और स्थानीय स्तर पर नियुक्त लोगों के भरोसे छोड़ दिए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई निर्माण स्थलों पर संबंधित ठेकेदार भी नियमित रूप से मौजूद नहीं रहते। ऐसे में निर्माण कार्यों का संचालन और देखरेख स्थानीय स्तर पर ही की जा रही है। इससे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
लागत और गुणवत्ता को लेकर भी सवाल
ग्रामीणों ने कुछ निर्माण कार्यों की लागत को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जिन कार्यों की वास्तविक लागत अपेक्षाकृत कम दिखाई देती है, उनके लिए अधिक राशि स्वीकृत होने की चर्चा है। ऐसे में कार्यों की गुणवत्ता, मापदंडों और व्यय की पारदर्शिता को लेकर संदेह पैदा हो रहा है।
जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्यों की निगरानी के लिए नियुक्त तकनीकी अमले को नियमित रूप से स्थलों का निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करनी चाहिए, लेकिन ऐसा होता नजर नहीं आ रहा। परिणामस्वरूप निर्माण कार्यों में मानकों की अनदेखी और गुणवत्ता में कमी की शिकायतें सामने आ रही हैं।
जांच की मांग
ग्रामीणों ने संबंधित निर्माण कार्यों की तकनीकी जांच कराने तथा गुणवत्ता का स्वतंत्र मूल्यांकन कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्यों की जांच नहीं हुई तो सरकारी धन से किए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है और भविष्य में इनका लाभ लोगों को नहीं मिल पाएगा।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि संबंधित पंचायतों में चल रहे चेक डेम एवं अन्य निर्माण कार्यों का मौके पर निरीक्षण कराया जाए और यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
इनका कहना….
आपके माध्यम से यह मामला संज्ञान में आया है। विस्तृत जानकारी आप मुझे भेजिए, कार्यवाही तय की जाएगी।
डॉ. सौरभ संजय सोनवणे
कलेक्टर, बैतूल
आपके माध्यम से जानकारी मिली है। अगर ठेकेदार की जगह सब इंजीनियर एयर सचिव निर्माण कार्य का जिम्मा सम्भाल रहे है तो निगरानी कर जांच करवाई जाएगी।
इंदिरा मेहतो
प्रभारी सीईओ, जिला पंचायत बैतूल।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




