Betul News: राष्ट्रपति के बैतूल दौरे में अब दिखेगी जिले की पूरी राजनीतिक ताकत!

राज्यसभा चुनाव में मतदान की जरूरत खत्म होने से पांचों विधायक रहेंगे मौजूद, तैयारियों में भी निभाएंगे अहम भूमिका
Betul News: बैतूल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 18 जून को प्रस्तावित बैतूल दौरे को लेकर जिले में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इस बीच एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संयोग भी सामने आया है। राष्ट्रपति के कार्यक्रम में जिले के पांचों विधायक अब मौजूद रहेंगे। कुछ दिन पहले तक इसे लेकर संशय की स्थिति बनी हुई थी, क्योंकि इसी दिन राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान प्रस्तावित था और सभी विधायकों को भोपाल में रहना पड़ सकता था।
हालांकि राज्यसभा चुनाव में भाजपा के तीनों उम्मीदवारों के निर्विरोध निर्वाचित हो जाने के बाद मतदान की आवश्यकता समाप्त हो गई है। इसके चलते जिले के सभी विधायक अब राष्ट्रपति के कार्यक्रम में शामिल हो सकेंगे।
दरअसल, राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा ने राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ, रजनीश अग्रवाल और महेश केवट को उम्मीदवार बनाया था। वहीं कांग्रेस की ओर से मीना नटराजन ने नामांकन दाखिल किया था, लेकिन उनका नामांकन निरस्त होने के बाद मुकाबले की स्थिति ही समाप्त हो गई। परिणामस्वरूप भाजपा के तीनों प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए। इसके साथ ही 18 जून को प्रस्तावित मतदान रद्द हो गया और विधायकों को भोपाल में उपस्थित रहने की बाध्यता भी खत्म हो गई।
राष्ट्रपति के स्वागत में जुटे जनप्रतिनिधि
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिले के सभी जनप्रतिनिधि सक्रिय हो गए हैं। बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल, भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान, मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख, आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे और घोड़ाडोंगरी विधायक गंगा सज्जन सिंह उइके लगातार प्रशासनिक अधिकारियों के संपर्क में हैं। कार्यक्रम की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और अतिथियों के स्वागत संबंधी व्यवस्थाओं पर भी उनकी नजर बनी हुई है।
जिले के राजनीतिक जानकारों का कहना है कि राष्ट्रपति का दौरा बैतूल के लिए ऐतिहासिक अवसर है। ऐसे में सभी जनप्रतिनिधि इस कार्यक्रम का हिस्सा बनना चाहते हैं। मतदान की स्थिति बनी रहती तो विधायकों की उपस्थिति को लेकर असमंजस बना रहता, लेकिन अब जिले की पूरी राजनीतिक टीम राष्ट्रपति के स्वागत में मौजूद रहेगी।
जिले के इतिहास का सबसे बड़ा प्रोटोकॉल कार्यक्रम
जिले के इतिहास में यह पहला अवसर होगा जब देश का सर्वोच्च संवैधानिक पद संभाल रही राष्ट्रपति किसी कार्यक्रम में शामिल होने जिले पहुंचेंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ब्रह्माकुमारी संस्थान के विशेष आयोजन में शामिल होने आ रही हैं। कार्यक्रम में उनका लगभग एक घंटे से अधिक समय तक रुकने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए प्रशासन, पुलिस, सुरक्षा एजेंसियां और विभिन्न विभाग लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं। कार्यक्रम स्थल से लेकर हेलीपैड और वीवीआईपी रूट तक सभी व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की जा रही है। पिछले कई दिनों से जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार बैठकें कर रहे हैं और सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
मंच पर विधायकों को स्थान मिलेगा या नहीं, तस्वीर अभी साफ नहीं
राष्ट्रपति के कार्यक्रम में मंच व्यवस्था को लेकर भी चर्चा बनी हुई है। सूत्रों के मुताबिक राष्ट्रपति प्रोटोकॉल के अनुसार मंच पर सीमित लोगों को ही स्थान दिया जाएगा। वर्तमान प्रस्ताव के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके तथा ब्रह्माकुमारी संस्थान के दो प्रमुख पदाधिकारियों को मंच पर स्थान दिए जाने की संभावना है। जानकारी के अनुसार इसी प्रारूप को राष्ट्रपति सचिवालय भेजा गया है।
हालांकि अंतिम निर्णय अभी शेष है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जिले के पांचों विधायकों को मंच पर बैठने का अवसर मिलेगा या नहीं। सूत्रों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों के सम्मान को ध्यान में रखते हुए मंच के सामने या वीवीआईपी गैलरी में उनके लिए विशेष व्यवस्था की जा सकती है।
पासधारकों को ही मिलेगा कार्यक्रम स्थल में प्रवेश
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त रखी गई है। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश पूरी तरह पास आधारित रहेगा। बिना अधिकृत पास किसी भी व्यक्ति को कार्यक्रम स्थल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
सुरक्षा एजेंसियों ने प्रवेश द्वारों पर बहुस्तरीय जांच की व्यवस्था बनाई है। मीडिया प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, आयोजन समिति के सदस्यों और विभिन्न व्यवस्थाओं में लगे कर्मचारियों के लिए अलग-अलग श्रेणी के पास जारी किए जा रहे हैं। प्रत्येक व्यक्ति की पहचान और पास का सत्यापन करने के बाद ही प्रवेश मिलेगा।
हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना
ब्रह्माकुमारी संस्थान के कार्यक्रम में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। प्रशासन भीड़ प्रबंधन को लेकर अलग से रणनीति तैयार कर रहा है, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर पूरे जिले में उत्साह का माहौल है। वहीं राज्यसभा चुनाव में मतदान की जरूरत समाप्त होने से अब जिले के सभी विधायक भी इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बन सकेंगे, जिससे कार्यक्रम में राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर जिले की पूरी भागीदारी दिखाई देगी।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




