Betul News :  स्वास्थ्य विभाग में वर्षों से जमे केशियर को आखिर हटाया

Betul News: The cashier who had been in the health department for years was finally removed.

सीएम के पास शिकायत के बाद हुई कार्रवाई, पूर्व में दिए गए आदेशों का पालन नहीं हुआ था

Betul News : (बैतूल)। स्वास्थ्य विभाग में शासकीय आदेशों को ठेंगा दिखाकर एक केशियर को 6 वर्षों से राजगढ़ तबादला होने के बाद भी रिलीव नहीं किया गया। जब मामला मुख्यमंत्री के कार्यालय तक पहुंचा तब इसकी जांच शुरू हुई, लेकिन केशियर की पहुंच के आगे यह भी बौनी साबित हुई। सांझवीर टाईम्स में 25 जुलाई को प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया।

यह समाचार जब दोबारा मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंचा तो केशियर को 27 सितंबर को भोपाल तलब किया। उनकी पदस्थापना को वरिष्ठ अधिकारियों ने एकदम गलत बताते हुए बैतूल सीएमएचओ को तत्काल श्री साहू को राजगढ़ के लिए रिलीव करने के आदेश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के इस आदेश के बाद बैतूल के स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है। सांझवीर टाईम्स की निगरानी करने वाली पत्रकारिता की भी खूब चर्चा हो रही है।

बैतूल के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य कार्यालय में पदस्थ केशियर जीवन लाल साहू का 6 वर्ष पहले 16 जुलाई 2017 को राजगढ़ तबादला हुआ था। इसके विरूद्ध उन्होंने उच्च न्यायालय में याचिका लगाकर स्थगन ला लिया, तब से वे यही पदस्थ है, लेकिन इस मामले में मुख्यमंत्री कार्यालय में सीएम मॉनिट में शिकायत दर्ज करवाई गई थी। प्रकरण की अद्यतन स्थिति को देखते हुए 18 जुलाई 2023 को सीएमएचओ बैतूल से मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जानकारी मांगी गई। चूंकि यह मामला काफी उलझा हुआ था, इसलिए केशियर श्री साहू को 27 सितंबर को स्वास्थ्य संचनालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने अपना पक्ष रखते हुए आवेदन प्रस्तुत किया, लेकिन संचनालय संतुष्ट नहीं हुआ।

प्रकरण के दौरान तथ्य किए प्रस्तुत अमान्य

सूत्र बताते हैं कि प्रकरण में सीएमएचओ बैतूल से केशियर जीवन लाल साहू के वर्ष 2001 से पदस्थ रहने के दौरान से अब तक की जानकारी ली गई। इस दौरान केशियर ने अपनी पारिवारिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए तबादला निरस्त करने या संशोधन कर विदिशा-हरदा परिवर्तन करने का अनुरोध किया, लेकिन संचालनालय ने इसे अमान्य कर दिया। इतना ही नहीं 6 अक्टूबर को एक आदेश जारी करते हुए स्वास्थ्य सेवा संचालनालय ने तबादले के बावजूद 6 वर्षों से जमे केशियर साहू को बैतूल से तत्काल कार्यमुक्त करते हुए राजगढ़ में अपनी उपस्थिति देने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश के बाद सीएमएचओ कार्यालय में वर्षों से जमे अन्य कर्मचारियों और अन्य अटैचमेंट किए गए लोगों भी हड़कंप मचा हुआ है। इस मामले में कमिशनर को भी हाल ही में अन्य कर्मचारियों की शिकायत करने की जानकारी सामने आई है। कहा जा रहा है कि कमिशनर भी अटैचमेंट को लेकर खासे नाराज है और नए सीएमएचओ से जवाब मांग चुके हैं।

सांझवीर की खबर का एक और असर

स्वास्थ्य विभाग में लालफीताशाही और नियम के विरूद्ध पदस्थापना के कारण अक्सर सुर्खियां बनी रहती है। सीएमएचओ जो भी आए, लेकिन कर्मचारियों की तगड़ी जमावट के आगे उनकी पदस्थापना बौनी साबित हो जा रही है। केशियर जीवन लाल साहू द्वारा शासन के आदेश को न मानने को लेकर सांझवीर टाईम्स में 25 जुलाई को प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था। इसके बाद यह समाचार स्वास्थ्य संचालनालय के अलावा मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचा और मामले में नोटिस जारी करने के बाद उन्हें राजगढ़ के लिए रिलीव कर दिया है। इसके पहले ही सांझवीर टाईम्स में स्वास्थ्य विभाग को गड़बड़झाले के समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किए गए। 

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button