Betul News: बिना रोशनी के खड़े बिजली पोल, शहर की खूबसूरती पर सवाल

मुल्ला पेट्रोल पंप से लल्ली चौक तक अंधेरा, नपा का दावा-महीने भर में रोशन होगी सड़कें
Betul News: बैतूल। शहर के विकास कार्यों को अक्सर नगर पालिका द्वारा शहर की सुंदरता और आधुनिक सुविधाओं से जोड़कर प्रस्तुत किया जाता है, लेकिन कई योजनाओं की जमीनी हकीकत इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। ऐसा ही एक मामला मुल्ला पेट्रोल पंप से लल्ली चौक तक बने प्रमुख मार्ग का सामने आया है, जहां सड़क और डिवाइडर निर्माण के दौरान लगाए गए बिजली पोल आज भी बिना स्ट्रीट लाइट के खड़े हैं।
निर्माण कार्य पूरा हुए लगभग एक वर्ष बीत चुका है, लेकिन इस मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं हो सकी है। हालांकि अब अधिकारियों ने दावा किया है कि स्ट्रीट लाइट लगाने में जो दिक्कतें आ रही थी वे खत्म हो चुकी हैं। महीने भर के भीतर सड़कें रोशनी से सराबोर नजर आने लगेगी।
यह सड़क शहर के सबसे महत्वपूर्ण मार्गों में गिनी जाती है। प्रमुख बस स्टैंड इसी क्षेत्र में स्थित होने के कारण यहां दिन-रात लोगों की आवाजाही बनी रहती है। व्यापारिक गतिविधियों के लिहाज से भी यह इलाका काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। इसके बावजूद रात के समय सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कुछ स्थानों पर मौजूद पुरानी या निजी लाइटों के भरोसे ही मार्ग पर रोशनी बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क निर्माण के साथ ही स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था भी कर दी जानी चाहिए थी। रात के समय अंधेरा रहने से असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है और आम लोगों, विशेषकर महिलाओं एवं यात्रियों को असुरक्षा का अनुभव होता है। कई व्यापारियों का कहना है कि पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से क्षेत्र की गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।
शहर की सुंदरता बढ़ाने के दावे भी पड़े फीके
नपा के अधिकारियों ने सड़क और डिवाइडर निर्माण के समय इस परियोजना को शहर की सुंदरता बढ़ाने वाला कदम बताया गया था। डिवाइडर के बीच आकर्षक पोल लगाए गए, लेकिन उन पर स्ट्रीट लाइट नहीं लगने से पूरा ढांचा अधूरा दिखाई देता है। नागरिकों का कहना है कि केवल निर्माण कार्य कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उससे जुड़ी मूलभूत सुविधाओं का समय पर उपलब्ध होना भी जरूरी है।
कोठीबाजार क्षेत्र और आसपास के रहवासियों ने नगर पालिका से जल्द से जल्द स्ट्रीट लाइट शुरू करने की मांग की है। उनका कहना है कि शहर के प्रमुख मार्गों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था होना आवश्यक है, ताकि लोगों को सुविधा मिलने के साथ शहर की सुंदरता भी निखर सके।
नगर पालिका अधीकारियों ने दिया ठोस आश्वासन
इस मामले को लेकर जब अधिकारियों से चर्चा की गई तो सकारात्मक जवाब भी मिला है। उनका कहना है कि स्ट्रीट लाइट व्यवस्था में पूर्व में कुछ वित्तीय बाधाएं आ रही थीं, शासन से लगातार पत्राचार के बाद समाधान कर लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है और जल्द ही इस मार्ग सहित अन्य चिन्हित सड़कों पर स्ट्रीट लाइट लगाकर सड़कों को रोशन कर दिया जाएगा।
इनका कहना….
स्ट्रीट लाइट लगाए जाने को लेकर पूर्व में कुछ वित्तीय समस्याएं आ रही थीं, जिनका समाधान हो चुका है। इसके टेंडर भी खुल चुके हैं। जल्द ही इस प्रमुख सड़क सहित अन्य चिन्हित सड़कों पर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम शुरू किया जाएगा।
नीरज धुर्वे, एई, नगर पालिका बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




