Cockroach Janata Party: कांग्रेस नेता खुद ही बन बैठे ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के ब्रांड एंबेसडर

फेसबुक पर एक पोस्ट बनी सोशल मीडिया का हास्य बम
Cockroach Janata Party: बैतूल। राजनीति में विरोध करना अलग बात है, लेकिन विरोध के चक्कर में खुद ही सोशल मीडिया पर मजाक बन जाना शायद इससे बड़ी विडंबना नहीं हो सकती। ऐसा ही मामला इन दिनों बैतूल में चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव जितेंद्र इवने अपनी ही फेसबुक पोस्ट के कारण सोशल मीडिया पर ट्रोलर्स के निशाने पर आ गए।
दरअसल भाजपा पर तंज कसने के उद्देश्य से इवने ने एआई की मदद से एक पोस्ट तैयार कर फेसबुक पर साझा की। पोस्ट में भाजपा को व्यंग्यात्मक अंदाज में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ बताया गया था। मामला तब हास्यास्पद हो गया जब पोस्ट के आखिर में उन्होंने अपने ही नाम के साथ ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ लिख दिया बताया जा रहा है कि,स्क्रीनशॉट वायरल होते ही सोशल मीडिया पर मजेदार टिप्पणियों की बाढ़ आ गई।
किसी ने लिखा – ‘लगता है पार्टी बदलने की घोषणा गलती से पहले ही कर दी।’ तो किसी ने पूछा – ‘इवने जी, कांग्रेस से इस्तीफा कब दे रहे हैं?’ वहीं कुछ लोगों ने इसे ‘एआई राजनीति का साइड इफेक्ट’ तक बता दिया।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि विरोध की राजनीति में जल्दबाजी और सोशल मीडिया पर बिना जांचे पोस्ट डालने की प्रवृत्ति अब नेताओं पर भारी पडऩे लगी है। खासकर प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों से जनता गंभीर और जिम्मेदार व्यवहार की उम्मीद करती है, लेकिन यहां मामला उल्टा ही पड़ गया।
सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल होने के बाद जब इस संबंध में जितेंद्र इवने से सवाल किया गया तो उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि पोस्ट जल्दबाजी में अपलोड हो गई और वे आखिरी लाइन देख नहीं पाए। हालांकि मामला बढ़ते ही पोस्ट फेसबुक से हटा दी गई, लेकिन तब तक स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया के गलियारों में घूम चुका था।
अब शहर में लोग चुटकी लेते नजर आ रहे हैं कि भाजपा का विरोध करते-करते कांग्रेस नेता खुद ही ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के ब्रांड एंबेसडर बन बैठे। फिलहाल यह पोस्ट बैतूल की राजनीतिक चर्चा में हास्य का नया विषय जरूर बन गई है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




