Betul Tapti Barrage: वीडियो : ताप्ती बैराज की दो मोटरें एक साथ खराब, गुरुवार को बैतूल में जल संकट के आसार

स्टैंडबाय मोटर मरम्मत के लिए भोपाल भेजी गई
ओवरहीटिंग से दूसरी मोटर का कवर हेड टूटा
नगर पालिका ने अतिरिक्त 335 एचपी मोटर खरीद प्रक्रिया शुरू की
Betul Tapti Barrage: बैतूल। ताप्ती बैराज स्थित इंटेकवेल की दो मोटरों में तकनीकी खराबी आने से गुरुवार को बैतूल शहर के 33 वार्डों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहने की आशंका है। नगर पालिका प्रशासन ने हालात को देखते हुए युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है।
ताप्ती बैराज के इंटेकवेल पर 335 एचपी की तीन मोटरें स्थापित हैं। इनमें एक मोटर स्टैंडबाय रखी जाती है, जबकि दो मोटरों को रोटेशन के आधार पर संचालित कर फिल्टर प्लांट तक रॉ वाटर पहुंचाया जाता है। इसी व्यवस्था से शहर की टंकियों के जरिए 33 वार्डों में पेयजल सप्लाई होती है।
स्टैंडबाय मोटर नहीं हुई चालू
नगर पालिका के अनुसार स्टैंडबाय मोटर की बेरिंग शीट खराब होने पर बुधवार रात मरम्मत कार्य कराया गया। बेरिंग शीट बदलने के बाद भी मोटर चालू नहीं हो सकी, जिसके बाद उसे तत्काल मरम्मत के लिए भोपाल भेज दिया गया।

– दूसरी मोटर भी हुई खराब
इधर रोटेशन में संचालित दूसरी मोटर का कवर हेड टूट गया और मोटर ओवरहीट हो गई। तकनीकी खराबी सामने आने के बाद नगर पालिका का अमला मौके पर मरम्मत कार्य में जुटा हुआ है। दो मोटरों के एक साथ बंद होने से गुरुवार 21 मई को जल आपूर्ति बाधित रहने की संभावना जताई गई है।
– अतिरिक्त मोटर खरीदने की तैयारी मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने बताया कि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए 335 एचपी की एक अतिरिक्त मोटर खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ड्राइंग डिजाइन के अनुसार कार्रवाई जारी है और जल्द ही सप्लायर द्वारा नई मोटर उपलब्ध कराई जाएगी।




