Betul News : 20 किमी क्षेत्र के ग्रामीणों से भी वसूल रहे मनमाना टोल
गढ़ा के पास बंसल कंपनी के खिलाफ आक्रोश, 15 अगस्त को दर्जनों गांव के लोग करेंगे चक्काजाम

Betul News : बैतूल। सड़क की सुविधा देने के बाद निर्माण कंपनी मनमानी ढंग से टोल बनाकर ग्रामीणों को जमकर लूट रही है। कायदे से फोरलेन-टूलेन पर 20 किमी के दायरे में रहने वाले लोगों को टोल से छूट मिलते आई है। अधिकांश क्षेत्र के लोग कृषि कार्य से जुड़े होने के कारण बैतूल-इंदौर फोरलेन पर गढ़ा के पास बनाए गए टोल कंपनी की लूट का शिकार होने के बाद कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोल बैठे हैं। 15 अगस्त को टोल कंपनी की इस दबंगाई के खिलाफ गढ़ा के आसपास के करीब दो दर्जन से अधिक गांवों के किसान चक्काजाम करने वाले हैं। इसकी सूचना कलेक्टर और एसपी को भी दे दी गई है।
बंसल कंपनी ने कुछ माह पहले बैतूल से इंदौर तक बनने वाले फोरलेन का काम पूरा कर दिया। इसके बाद गढ़ा के निकट एक स्वचलित टोल भी बनाया गया। इस टोल पर कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं रहते हैं। इसी वजह छोटे से लेकर बड़े वाहन का टोल मनमाना काटा जा रहा है। जबकि क्षेत्र के दर्जनों के गांवों के कृषि कार्य से जुड़े हैं, जिनका खेतों से लेकर आसपास के गांवों में प्रतिदिन आना-जाना लगा रहता है। ट्रैक्टर से लेकर छोटे वाहनों से मनमाना टोल वसूला जा रहा है। इससे क्षेत्र के लोगों में जबरदस्त आक्रोश पनप रहा है। किसानों ने टोल कंपनी के कार्यालय में इस संबंध में पहले भी सूचना दी थी, लेकिन इसे नजर अंदाज कर दिया गया। अब किसान और क्षेत्र के लोग आरपार की लड़ाई के मूड में है।
इन गांवों के लोगों को हो रही परेशानी
क्षेत्र के किसानों ने बताया कि नियम से गढ़ा टोल पर बंसल कंपनी को 20 किमी क्षेत्र वाले वाहनों को छूट देना चाहिए, लेकिन गढ़ा के अलावा बिटिया, जीन, अटारी, बोरी, नसीराबाद, चिचोली, जोगली, दनोरा, टाहली, देवठान, कुमली, करपा, आमला, बोदी जूनावानी, महूपानी, गौनीघाट, हिवरखेड़ी, देवगांव, कोदारोटी, खेड़ीसांवलीगढ़ आदि गांव टोल से 20 किमी के दायरे में आते हैं। कंपनी द्वारा इन सभी गांवों के कृषि कार्य से जुड़े वाहनों से भी मनमाना टोल हर दिन वसूला जा रहा है। कृषकों के अलावा बस चालकों और प्रतिदिन आवाजाही करने वाले दूध, सब्जी के वाहनों से भी मनमाना टोल वसूला जा रहा है।
सड़क भी खराब, ग्रामीणों ने जाम का लिया नि र्णय
बंसल कंपनी द्वारा कुछ माह पहले ही बैतूल-इंदौर फोरलेन का निर्माण किया है। कई जगह से सड़क उखड़ने के बावजूद फोरलेन के अधिकारी भी ध्यान नहीं दे रहे हैं। तितली चौक से खेड़ी के बीच सड़क इतनी उखड़ चुकी है कि छोटे वाहन हर दिन हादसे का शिकार हो रहे हैं। इस बीच टोल पर मनमानी राशि वसूलने के खिलाफ 15 अगस्त गुरुवार क्षेत्र के डेढ़ दर्जन ग्रामीणों ने गढ़ा टोल पर जाम लगाने का निर्णय लिया है। ग्रामीणों ने छोटे और बड़े वाहन मिलकर टोल के दोनों ओर जाम लगाकर अपना विरोध प्रदर्शन करेंगे। यदि उनकी मांग पूरी नहीं की तो आगे भी उग्र आंदोलन किया जाएगा। क्षेत्र के मनोज धोटे ने बताया कि हमने इस संबंध में कलेक्टर, एसपी कार्यालय और एसडीएम को भी सूचना दे दी है।




