Betul Samachar: ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में देशव्यापी केमिस्ट हड़ताल सफल

प्रधानमंत्री के नाम प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, मरीजों की सुरक्षा और छोटे केमिस्ट्स के हितों की उठाई मांग

Betul Samachar: बैतूल। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एवं मप्र राज्य केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर बुधवार को जिले भर में केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट्स द्वारा एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल की गई। अवैध एवं अनियंत्रित ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में आयोजित इस हड़ताल को जिले के सभी केमिस्ट्स एवं ड्रगिस्ट्स ने समर्थन देते हुए अपने प्रतिष्ठान पूर्णत: बंद रखे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इस गम्भीर मामले में ध्यान आकर्षण के लिए दवा विक्रेताओं ने अपने प्रतिष्ठान तो बन्द रखे ही साथ ही भीषण गर्मी में पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला औषधि विक्रेता संघ के अध्यक्ष मंजीत सिंह साहनी एवं सचिव सोनू सलूजा के नेतृत्व में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपा। जिले भर के मेडिकल स्टोर्स बन्द रहने से आम नागरिकों को भी दवाओं की उपलब्धता को लेकर खासा परेशान होना पड़ा। ज्ञापन में ऑनलाइन दवा बिक्री से जुड़े गंभीर मुद्दों की ओर केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित किया गया।

 बिना गारंटी,घर घर दवाओं की डिलेवरी जन स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा

ज्ञापन में दवा विक्रेताओं ने बताया कि बिना वैध एवं सत्यापित चिकित्सकीय पर्चे के दवाओं की बिना गारंटी बिक्री और घर-घर ऑन लाइन डिलीवरी जन स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा बनती जा रही है। इसके साथ ही ऑनलाइन दवा प्लेटफॉर्म्स द्वारा दी जा रही अत्यधिक छूट के कारण छोटे एवं लाइसेंसधारी केमिस्ट्स का व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

केमिस्ट्स का कहना है कि इन प्रावधानों का दुरुपयोग विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स एवं क्विक कॉमर्स कंपनियों द्वारा दवाओं की अनियंत्रित डिलीवरी के लिए किया जा रहा है। फार्मास्यूटिकल व्यापार से जुड़े प्रतिनिधियों ने कहा कि दवाएं सामान्य उपभोक्ता वस्तु नहीं हैं, बल्कि सीधे लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ी संवेदनशील सामग्री हैं। ऐसे में बिना उचित सत्यापन के ऑनलाइन बिक्री मरीजों की सुरक्षा और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत स्थापित व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बन रही है।

केमिस्ट्स संगठनों ने यह भी कहा कि कोविड महामारी के दौरान देशभर के केमिस्ट्स ने फ्रंटलाइन हेल्थकेयर सपोर्ट प्रदाताओं के रूप में कार्य करते हुए आमजन तक दवाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की थी। इसके बावजूद अवैध ऑनलाइन गतिविधियों के संबंध में बार-बार शिकायतें और प्रमाण देने के बाद भी प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से केमिस्ट समुदाय में नाराजगी है। इस दौरान के संगठन के सचिव सुनील सलूजा, कोषाध्यक्ष जयदेव गायकी समेत जिला भर के औषधि विक्रेता शामिल थे।

जरूरतमंद मरीजों को दी गई आपातकालीन दवाएं

हड़ताल पूरी तरह शांतिपूर्ण रही और इसे केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट समुदाय का व्यापक समर्थन मिला। वहीं एसोसिएशन द्वारा मानवीय दायित्व निभाते हुए जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक एवं आपातकालीन दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। केमिस्ट समुदाय ने सरकार से मरीजों की सुरक्षा और लाखों छोटे लाइसेंसधारी केमिस्ट्स के हितों की रक्षा हेतु शीघ्र प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button