Betul News: गंज में 5 दुकानों में चोरी पर नपे टीआई, वंशज श्रीवास्तव को फिर पाथाखेड़ा की कमान

पुलिस विभाग में 10 टीआई और उपनिरीक्षकों के तबादले
Betul News: बैतूल। एक बार फिर पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। करीब एक माह पहले ही गंज थाने की कमान संभालने वाले टीआई सरविंद धुर्वे अपने क्षेत्र में हुई चोरी की घटना के बाद हटा दिया हैं। उनके स्थान पर भैंसदेही थाना प्रभारी नीरज पाल को गंज का टीआई बनाया गया है। वे पहले भी गंज में रह चुके हैं। इसके अलावा आमला टीआई सत्यप्रकाश सक्सेना को भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों से नाराजगी के बाद हटाकर चोपना भेज दिया गया है। कहा जा रहा है कि उन्हें आमला में लंबा समय होने के कारण दूसरी जगह भेजा गया है।
लंबे समय से कुछ थाना प्रभारी और चौकी प्रभारियों को इधर से उधर करने की चर्चा चल रही थी। इस बीच रविवार अवकाश होने के बावजूद पुलिस विभाग में तबादला सूची वायरल हुई है। इस सूची में दस टीआई और उपनिरीक्षकों को इधर से उधर कर दिया गया है। नए आदेश के तहत दो वर्ष से आमला थाने की बागडोर संभाल रहे वरिष्ठ निरीक्षक सत्यप्रकाश सक्सेना को चोपना थाना भेज दिया गया है। चोपना में पदस्थ वर्तमान टीआई राजेश सातनकर को आमला का नया थाना प्रभारी बनाया गया है।
बताया जा रहा है कि वे चोपना से दूसरे थाने में जाने के लिए लंबे समय से प्रयास कर रहे थे। इस बात के पहले ही कयास लगाए जा रहे थे कि उन्हें बड़ा थाना मिल सकता है और जारी सूची में उन्हें आमला जैसा मुख्यालय का टीआई बना दिया गया है। हालांकि आमला थाना प्रभारी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। वैसे कुछ मामलों में उनसे भी क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि नाराज थे।
इसकी शिकायत भी वरिष्ठ अधिकारियों तक हुई है। वैसे भी उन्हें दो वर्ष का समय यहां बीतने के बाद दूसरे जगह भेजने के कयास लगाए जा रहे थे। इधर गंज क्षेत्र में हाल ही में हुई पांच दुकानों की चोरी की घटना के बाद व्यापारियों की नाराजगी और स्थानीय विधायक-प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की नाराजगी पर हटाने की चर्चा है। उन्हें भैंसदेही थाना प्रभारी बनाया गया है। उनके स्थान पर भैंसदेही कार्यवाहक निरीक्षक नीरज पाल को गंज भेज गया है।
वंशज श्रीवास्तव की फिर पाथाखेड़ा वापसी
तबादला सूची पर यकीन करें तो चौकाने वाला नाम तेज तर्रार उप निरीक्षक वंशज श्रीवास्तव का है। उन्हें करीब डेढ़ माह पहले ही एक विवाद के बाद पाथाखेड़ा चौकी से हटाकर मासोद चौकी प्रभारी बनाया गया था, लेकिन रविवार जारी सूची में उन्हें एक बार फिर पाथाखेड़ा चौकी प्रभारी बना दिया गया है। इसके अलावा गंज थाने में पदस्थ कार्यवाहक उप निरीक्षक रणधीर सिंह राजपूत को मासोद का नया चौकी प्रभारी बनाया गया है।
इसी तरह लंबे समय से झल्लार में पदस्थ उपनिरीक्षक मनोज उइके रानीपुर थाना प्रभारी, अवधेश नारायण तिवारी की सेवानिवृत्ति तक जेएसआई के रूप में कार्य करते रहेंगे। इसके बाद वे रानीपुर थाना प्रभारी कार्य संभालेंगे। इसी तरह पाथाखेड़ा चौकी प्रभारी वाहिद खान को थाना प्रभारी झल्लार बनाया गया है। कोतवाली में पदस्थ उप निरीक्षक नरेंद्र उइके को थाना कोतवाली से बैतूलबाजार भेजा गया। वहीं बैतूलबाजार के उपनिरीक्षक नंदन मस्तकार को कोतवाली थाना स्थानांतरित किया गया है।




