Betul Samachar: जनजातीय कार्य विभाग में नियमों को दरकिनार करने के आरोप

आपराधिक प्रकरण के बावजूद निलंबित शिक्षक की बहाली पर उठे सवाल
Betul Samachar: बैतूल। जनजातीय कार्य विभाग एक बार फिर विवादों में घिरता नजर आ रहा है। विभाग के सहायक आयुक्त विवेक पांडे पर नियमों की अनदेखी कर एक आपराधिक प्रकरण में आरोपी शिक्षक को न केवल बहाल करने बल्कि दूसरे स्कूल में पदस्थ करने के आरोप लग रहे हैं। मामले को लेकर विभागीय कर्मचारियों में भी नाराजगी देखी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिक्षक सुरेन्द्र आर्य जो मूल रूप से प्राथमिक शिक्षक हैं, अतिरिक्त प्रभार में अंग्रेजी बालक आश्रम शाला भीमपुर में अधीक्षक के रूप में पदस्थ थे। उनके खिलाफ थाना चिचोली में एफआईआर क्रमांक 241/2025 दर्ज की गई थी। पुलिस विवेचना के बाद उनके विरुद्ध न्यायालय बैतूल में चालान क्रमांक 444/2025 दिनांक 30 अगस्त 2025 को प्रस्तुत किया गया था।
बताया जा रहा है कि न्यायालय में चालान प्रस्तुत होने के बाद सहायक आयुक्त विवेक पांडे ने कार्यालय आदेश क्रमांक 1359 दिनांक 24 फरवरी 2026 के तहत सुरेन्द्र आर्य को निलंबित किया था। लेकिन इसके कुछ समय बाद ही निलंबन समाप्त कर उन्हें प्राथमिक शाला घुटिया, विकासखंड भीमपुर में पुन: पदस्थ कर दिया गया। इस कार्रवाई को लेकर विभाग के भीतर सवाल उठ रहे हैं।
निलंबन न होने पर उठ रहे सवाल
सूत्रों का कहना है कि सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशों के अनुसार किसी कर्मचारी के विरुद्ध न्यायालय में चालान प्रस्तुत होने की स्थिति में प्रकरण के निराकरण तक निलंबन जारी रखा जाता है। ऐसे में बिना न्यायालयीन निर्णय के शिक्षक की बहाली को नियमों के विपरीत बताया जा रहा है। विभागीय कर्मचारियों का आरोप है कि पूरे मामले में नियमों की अनदेखी की गई है। कर्मचारियों का कहना है कि संबंधित फाइल का पुन: परीक्षण कर सुरेन्द्र आर्य को तत्काल निलंबित किया जाना चाहिए। साथ ही सहायक आयुक्त विवेक पांडे की भूमिका की भी जांच की मांग उठ रही है।
मामले को लेकर विभाग में चर्चाओं का दौर जारी है। हालांकि इस संबंध में सहायक आयुक्त विवेक पांडे की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई । उनके मोबाइल नम्बर 9303272071 पर संपर्क किया, लेकिन $फोन बार-बार व्यस्त आ रहा था। जानकारी मिली है की मीडिया किसी भी मामले में सहायक आयुक्त से सवाल करें इससे बचने के लिए अधिकांश पत्रकारों के मोबाइल नम्बर ब्लाक कर रखे हैं।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




