Betul Hospital News: जिला अस्पताल की लैब का सर्वर ठप, घंटों परेशान रहे मरीज

कई मरीजों को खाली हाथ वापस लौटना पड़ा
Betul Hospital News: बैतूल: जिला अस्पताल बैतूल में मंगलवार को तकनीकी खामी के कारण पैथोलॉजी लैब का सर्वर ठप हो गया, जिससे मरीजों को घंटों परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह से ही ब्लड जांच के लिए पहुंचे मरीजों को बिना जांच कराए लौटना पड़ा या फिर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। करीब दोपहर 12 बजे तक सर्वर बंद रहने से अस्पताल की व्यवस्थाएं प्रभावित रहीं।
जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में ब्लड जांच की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन सिस्टम पर निर्भर है। जांच से पहले मरीजों की आभा आईडी के माध्यम से ओटीपी जनरेट किया जाता है, जिसके बाद ही सैंपल लिया जाता है। लेकिन सर्वर बंद होने के कारण यह पूरी प्रक्रिया ठप हो गई और लैब में कामकाज रुक गया।
लैब के चक्कर काटते रहे मरीज
सुबह से ही बड़ी संख्या में मरीज पैथोलॉजी लैब के बाहर कतार में खड़े रहे। कई मरीजों को बार-बार काउंटर और लैब के चक्कर काटने पड़े। बुजुर्ग और दूरदराज से आए मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी। कुछ मरीजों ने बताया कि वे सुबह जल्दी जांच कराने पहुंचे थे, लेकिन सर्वर डाउन होने के कारण घंटों इंतजार करना पड़ा। अस्पताल में ब्लड जांच एक अत्यंत जरूरी सेवा है, जिससे मरीजों की बीमारी का सही पता लगाकर उपचार किया जाता है।
ऐसे में सर्वर ठप होने से न सिर्फ जांच कार्य प्रभावित हुआ, बल्कि डॉक्टरों को भी इलाज में देरी का सामना करना पड़ा। जानकारी अनुसार तकनीकी समस्या के चलते सर्वर अस्थायी रूप से बंद हुआ था, जिसे सुधारने के प्रयास लगातार किए जा रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे सर्वर शुरू होने के बाद लैब में जांच का कार्य फिर से शुरू किया गया। सर्वर चालू होते ही मरीजों ने राहत की सांस ली और लंबित जांच कार्य तेजी से निपटाए गए। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए सिविल सर्जन डॉ जगदीश घोरे से संपर्क किया लेकिन उन से संपर्क नही हो पाया।




