Betul Lakhapur Dam: मलकापुर के पास रेलवे कांट्रेक्टर ने रोका लाखापुर का पानी
नपा कर रही थी एफआईआर तो रपटा काटकर निकाला पानी, कल तक पहुंचेगा माचना एनीकट

Betul Lakhapur Dam: बैतूल। गर्मी में उछाल आते ही विवेकानंद वार्ड स्थित माचना एनीकट का वॉटर लेबल कम होते जा रहा है। भले ही ताप्ती बैराज से शहर में पानी सप्लाई हो रही है, लेकिन सपोर्ट में माचना बैराज में पानी होना जरूरी है, इसलिए तीन दिन पहले लाखापुर से दूसरी बार नगरपालिका को पानी लेना पड़ा। हालांकि यह पानी धीमी रफ्तार से आ रहा था। इसी दौरान मलकापुर के पास पुल बनाने वाले रेलवे कांट्रेक्टर ने रास्ता बंद कर दिया, इससे पानी रूक गया।
नगरपालिका के अधिकारियों को जानकारी मिली तो उन्होंने एफआईआर की हिदायत दी, तब आनन-फानन में कांट्रेक्टर ने देर रात अस्थाई रपटा काटकर पानी निकाल दिया। संभावना है कि कल तक पानी तेजी से एनीकट पहुंच जाएगा।
शहर की जल व्यवस्था अमृृत योजना के अंतर्गत ताप्ती पर बनाए गए बैराज से होते आ रही है। ताप्ती नदी पर जनप्रतिनिधियों के प्रयास से पारसडोह के अलावा घोघरी डेम बनाने से जरूरत पड़ने पर नगरपालिका को पानी मिल जाता है। इसके बावजूद नगरपालिका शहर के लोगों को पानी उपलब्ध कराने के लिए हर बार गंगूडोह और लाखापुर डेम से भी पानी लेती आई है। पिछले माह ही नगरपालिका ने पहली मर्तबा लाखापुर से पानी लेकर माचना एनीकेट को जल स्तर को बढ़ाने का प्रयास किया था, लेकिन बीते दिनों हुई बारिश के बाद अब तापमान में तेजी से उछाल आया है, इसलिए एनीकट में पानी का स्तर लगातार कम हो रहा है। नगरपालिका ने पानी के सपोर्ट के लिए गुरूवार से लाखापुर का पानी एनीकट के लिए छुड़वाया है।
तेज गति से निकला पानी मलकापुर में रूका
जानकारी मिली है कि गुरूवार को नगरपालिका ने लाखापुर से पानी एनीकेट के लिए छुड़वाया था। पानी को करीब 5 किमी का रास्ता तय करना है। यही वजह है कि पानी की रफ्तार धीमी आ रही थी, तब नगरपालिका के जल शाखा के अधिकारी और कर्मचारियों ने स्वयं बढ़ते हुए पानी की रूकावट का रास्ता क्लीयर किया, लेकिन बीती रात मलकापुर में पुलिया बना रहे रेलवे कांट्रेक्टर ने पानी के बहाव को रोक दिया।
दरअसल यहां बहाव के लिए कोई रास्ता ही नहीं था। बताया जाता है कि कांट्रेक्टर अपना नुकसान होने की जिद पर अड़ा था। नगरपालिका अमले ने ठेकेदार को पुलिया के बीच पाईप डालने की हिदायत भी दी, ताकि पानी की रात आसान हो सके। इसके बावजूद ठेकेदार पुलिया पर पाईप न डालने पर अड़ा रहा। बताया जा रहा है कि नगरपालिका ने ठेकेदार को एफआईआर की हिदायत थी। तब बीती रात ठेकेदार ने अस्थाई रपटा काटकर पानी निकाल दिया है।
उमरी के रास्ते पहुंचेगा पानी तो मिलेगी बड़ी राहत
नपा के सूत्र बताते है कि रेलवे कांट्रेक्टर द्वारा रास्ता रोकने के बाद पुलिया खोल दी गई है, इससे पानी की रफ्तार काफी तेज बह रही है। उमरी के रास्ते रविवार देर रात या सोमवार सुबह तक एनीकट में पानी आ सकता है। पानी की निगरानी के लिए जल शाखा के कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। फिलहाल ताप्ती बैराज में लगभग 1 एमसीएम से पानी मौजूद है। यह पानी शहर के लोगों को सतत् आपूर्ति जून तक दे सकता है। इसके बाद बारिश होने से सारी समस्या खत्म हो जाएगी, लेकिन लाखापुर से पानी छोड़कर नगरपालिका शहर की सप्लाई के लिए सपोर्ट ले रही है, ताकि पानी की टंकिया तेज गति से भर जाए और लोगों को राहत मिल सकें।
इनका कहना…
गुरूवार से लाखापुर का पानी छोड़ा गया है। बीती रात रेलवे कांट्रेक्टर ने रास्ता रोक दिया था। एफआईआर की हिदायत के बाद रात में रपटे से पानी निकाल दिया है। पानी तेज गति से उमरी होते हुए एनीकट में बढ़ रहा है, सोमवार सुबह तक पानी पहुंच जाएंगा।
नगेन्द्र वागद्रे, उपयंत्री एवं जलशाखा प्रभारी, नपा, बैतूल




