Fake Sim Trap: फर्जी सिम का जाल : बैतूल में 151 मामले उजागर

बैतूल में साइबर ठगी का बड़ा नेटवर्क हो चुका बेनकाब
Fake Sim Trap: बैतूल (सांझवीर टाईम्स)। जिले में साइबर अपराधों का स्वरूप लगातार बदल रहा है और अब फर्जी सिम कार्ड इसके सबसे बड़े हथियार बनते जा रहे हैं। हाल ही में सामने आई जानकारी के अनुसार बैतूल जिले में फर्जी सिम से जुड़े 151 मामले उजागर हुए हैं, जिससे साइबर सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बढ़ गई है। इन सिम कार्ड्स का इस्तेमाल ठगी, धोखाधड़ी और अन्य ऑनलाइन अपराधों में किया जा रहा था।
जानकारी के मुताबिक भोपाल पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन फेस’ (फेशियल ऑथेंटिकेशन कंप्लायंस में एन्फोर्समेंट) के तहत फर्जी सिम कार्ड के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने तकनीकी खामियों और पहचान सत्यापन प्रक्रिया का दुरुपयोग कर एक ही व्यक्ति के नाम पर कई सिम कार्ड जारी करवा लिए।
राज्य साइबर विंग के अनुसार यह नेटवर्क तेजी से फैल रहा था, जिसमें आधार कार्ड और बायोमेट्रिक डेटा का दुरुपयोग किया जा रहा था। आरोपी लोगों से अतिरिक्त थंब इम्प्रेशन लेकर या उनके आधार की कॉपी हासिल कर फर्जी सिम एक्टिवेट कर लेते थे। इसके बाद इन्हीं सिम कार्ड्स का उपयोग साइबर ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड और अन्य डिजिटल अपराधों में किया जाता था।
बैतूल पुलिस अपराधियों कर चुकी गिरफ्तार
इस पूरे मामले में राहत की बात यह है कि बैतूल पुलिस ने समय रहते सक्रियता दिखाते हुए कई आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने जांच के दौरान एक बड़े साइबर क्राइम रैकेट का पर्दाफाश किया, जिसमें फर्जी सिम कार्ड का व्यापक उपयोग सामने आया। इस कार्रवाई में कई संदिग्धों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में बैतूल जिले में साइबर अपराधों के कई बड़े मामलों का खुलासा हुआ है, जिनमें करोड़ों रुपए की ठगी का पर्दाफाश किया गया।
इन मामलों में फर्जी सिम कार्ड एक अहम कड़ी के रूप में सामने आए हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आधार कार्ड और बायोमेट्रिक जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साथ ही, यदि किसी व्यक्ति के नाम पर बिना जानकारी के सिम जारी होने की आशंका हो, तो तुरंत संबंधित टेलीकॉम कंपनी या पुलिस को सूचित करें। पुलिस अब इस नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए सख्त कदम उठा रहा है, ताकि साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
इनका कहना है….
पुलिस ने अभियान चलाया था जिसमें फर्जी सिम कार्ड सामने आये थे। यह पुराने मामले है। पुलिस आरोपियों पर कार्रवाई कर चुकी है।
अश्विनी चौधरी
सब इंस्पेक्टर साइबर क्राइम बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




