Betul News: कोठी बाजार में नलों से आ रहा मटमैला पानी, लोगों ने जताई नाराजगी

 फिल्टर प्लांट में नदी का पानी लेने से आई समस्या

Betul News: बैतूल। शहर के कोठी बाजार क्षेत्र में शुक्रवार सुबह नगर पालिका की पेयजल आपूर्ति के दौरान नलों से गंदा और बदबूदार पानी निकलने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह जैसे ही पानी की सप्लाई शुरू हुई, नलों से मटमैला और बदबूदार पानी निकलने लगा। शुरुआत में लोगों को उम्मीद थी कि कुछ समय बाद पानी साफ हो जाएगा, लेकिन सप्लाई बंद होने तक गंदा पानी ही आता रहा। इससे क्षेत्र के नागरिकों में नाराजगी देखने को मिली।

गंदा पानी आने से लोगों के सामने पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया। कई घरों में लोगों ने सुबह ही पानी भर लिया था, लेकिन पानी की खराब स्थिति देखकर उसे उपयोग में लेने से परहेज करना पड़ा। मजबूरन नागरिकों को पीने और घरेलू उपयोग के लिए निजी ट्यूबवेल और अन्य वैकल्पिक जल स्रोतों का सहारा लेना पड़ा। महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ा।

लोगों का आरोप: स्थाई समाधान नहीं हो रहा

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस तरह की समस्या पहले भी कई बार सामने आ चुकी है। इसके बावजूद नगर पालिका की ओर से इसका स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। नागरिकों ने साफ और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग करते हुए व्यवस्था सुधारने की बात कही है।

लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जल गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया गया तो गर्मी के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। इधर हैरानी की बात यह रही कि नलों में गंदा पानी आने की वजह के बारे में पम्प चालकों को भी स्पष्ट जानकारी नहीं थी।

इससे नागरिकों में असंतोष और बढ़ गया। नगर पालिका की जल प्रदाय शाखा के प्रभारी धीरेंद्र राठौर ने बताया कि संभवत: फिल्टर प्लांट में नदी का पानी लेने के कारण पानी मटमैला हो गया होगा। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और आगे ऐसी समस्या न हो इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। नागरिकों ने प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की है।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button