Betul Samachar: ताप्ती रेंज में चल रही थी अवैध कटर मशीन, डीएफओ की स्पेशल टीम ने की छापेमारी

स्थापना में पदस्थ बाबू की भूमिका की होगी जांच

Betul Samachar: बैतूल। नीमपानी नर्सरी में सागौन के भारी-भरकम पेड़ काटे जाने की चर्चा के बाद अब ताप्ती रेंज में भी अवैध कटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्थापना शाखा में पदस्थ एक बाबू के निर्माणाधीन मकान के लिए फर्नीचर तैयार करने के लिए सागौन के पेड़ों की कटाई कराई जा रही थी। हालांकि संबंधित बाबू ने इन आरोपों से साफ इनकार किया है। दक्षिण वन मंडल के डीएफओ अरिहंत कोचर ने मामले की जांच कराने की बात कही है।

सूत्रों के अनुसार रेंज में पदस्थ कुछ बीट गार्ड कथित रूप से क्षेत्रीय अधिकारियों के संरक्षण में अवैध कटाई कराने से नहीं हिचक रहे हैं। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर नवागत डीएफओ ने ताप्ती रेंज के गौनिघाट क्षेत्र में स्पेशल टीम भेजकर छापेमारी करवाई। कार्रवाई के दौरान गौनीघाट निवासी जय राम यादव के घर से 42 नग सागौन चिरान, 3 लठ्ठे, एक कटर मशीन तथा 26 अन्य औजार जब्त किए गए।

बताया जा रहा है कि महूपानी सर्किल के एक बीट गार्ड द्वारा स्थापना शाखा में पदस्थ बाबू के मकान के लिए खिड़की-चौखट और पल्ले तैयार करवाए जा रहे थे। अब कटाई से जुड़े प्रमाण एकत्र किए जा रहे हैं ताकि उच्च अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए जा सकें। छापामार कार्रवाई में डीएफओ की टीम की भूमिका सराहनीय बताई जा रही है और अधिकारी टीम का मनोबल बढ़ा रहे हैं।

वहीं यह भी चर्चा है कि जब्त माल की मात्रा में कटौती करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आरोपी को कम नुकसान उठाना पड़े। डीएफओ अरिहंत कोचर ने कहा कि सूचना के आधार पर टीम भेजी गई थी, जब्ती की कार्रवाई की गई है और यह जांच की जाएगी कि जब्त सागौन का उपयोग किसके लिए किया जा रहा था।

इनका कहना….

सूचना मिलने पर टीम ने जब्ती की कार्यवाही की है। लकड़ी का उपयोग किसी बाबू के मकान निर्माण के लिए किया जा रहा, ऐसी जानकारी नहीं मिली है, फिर भी जांच कराई जाएगी।

अरिहंत कोचर, डीएफओ दक्षिण वनमंडल, बैतूल

मेरा कहीं भी कोई मकान नहीं बन रहा है। जो आरोप लग रहे हैं वह निराधार हैं।

तारेंद्र बचले , सहायक ग्रेड -1 दक्षिण वन मंडल बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button