Betul News: अवैध खनिज कारोबार पर 9 माह में कसा शिकंजा

बैतूल में 9 माह में 112 प्रकरण, 1 करोड़ 12 लाख से अधिक की वसूली
Betul News: बैतूल। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और बिना अनुमति भंडारण करने वालों के खिलाफ प्रशासन की सख्ती का ही असर है जो विभाग ने करोड़ों की वसूली की है । कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के समय-समय पर दिए सख्त निर्देशों के तहत खनिज विभाग ने व्यापक कार्रवाई करते करोड़ों का जुर्माना अधिरोपित किया और बड़ी राशि सरकारी खजाने में जमा कराई है। उप संचालक मनीष पालेवार के अनुसार कई प्रकरणों की सुनवाई चल रही है। वीत्तीय वर्ष की समाप्ति तक इन प्रकरणों का निपटारा होने के बाद राजस्व में व्रद्धि होना भी तय माना जा रहा है।
खनिज विभाग द्वारा 1 अप्रैल से 31 दिसंबर 2025 की अवधि में अवैध खनिज से जुड़े कुल 112 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें से 102 प्रकरणों का निपटारा कर लिया गया है। इन मामलों में अब तक 1 करोड़ 12 लाख 41 हजार 147 की वसूली की जा चुकी है, जबकि शेष प्रकरणों में वसूली की प्रक्रिया जारी है।
कलेक्टर के निर्देशों पर सख्त अमल
शासन की मंशा के अनुरूप वित्तीय वर्ष 2025-26 में अवैध खनिज गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कलेक्टर के निर्देशानुसार कार्रवाई शुरू की गई। जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई और नियमित जांच के माध्यम से अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसा गया। इसका परिणाम यह रहा कि बड़ी संख्या में प्रकरण सामने आए और दोषियों पर दंडात्मक कार्रवाई संभव हो सकी।
112 प्रकरण दर्ज, 102 का हुआ निराकरण
जानकारी के मुताबिक खनिज निरीक्षक भगवंत नागवंशी एवं वीरेंद्र वशिष्ट द्वारा की गई जांच एवं कार्रवाई के दौरान,अवैध उत्खनन के 9 प्रकरण, अवैध परिवहन के 96 प्रकरण, एवंअवैध भंडारण के 7 प्रकरण, इस प्रकार कुल 112 प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें से अब तक उत्खनन के 6, परिवहन के 94 और भंडारण के 2 प्रकरणों सहित कुल 102 प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है। शेष 10 प्रकरणों में जुर्माना अधिरोपित करने और वसूली की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।
1 करोड़ 12 लाख से अधिक की राजस्व वसूली
उप संचालक खनिज मनीष पालेवार ने बताया कि इन 102 प्रकरणों में प्रारंभिक तौर पर लगभग 13 करोड़ 36 लाख 58 हजार रुपये का जुर्माना प्रस्तावित किया गया था। सुनवाई के पश्चात इनमें से 1 करोड़ 14 लाख 56 हजार 147 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया। खनिज विभाग द्वारा अब तक 1 करोड़ 12 लाख 41 हजार 147 रुपये की राशि वसूल कर सरकारी खजाने में जमा कराई जा चुकी है। शेष राशि की वसूली भी शीघ्र की जाएगी।
31 मार्च 2026 तक वसूली बढ़ाने का लक्ष्य
खनिज विभाग का लक्ष्य है कि 31 मार्च 2026 तक अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण कर जुर्माने की पूरी राशि वसूल की जाए। इसके लिए खनिज निरीक्षकों के नेतृत्व में जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में सघन निगरानी रखी जा रही है, ताकि अवैध खनिज कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके। लगातार हो रही कार्रवाई और भारी भरकम जुर्मानों के चलते अवैध खनिज कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन की इस सख्ती से न केवल अवैध गतिविधियों पर रोक लगी है, बल्कि शासन के राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
इनका कहना….
कलेक्टर के निर्देश पर अवैध खनिज के मामलों में प्रभावी कार्यवाही की गई हैं। कुछ प्रकरणों का निपटारा हो चुका है। वित्तीय वर्ष की समाप्ति तक ज्यादा से ज्यादा राजस्व वसूली का लक्ष्य रखा गया है।
मनीष पालेवार, उप संचालक खनिज, बैतूल




