Betul Ki Khabar: कारगिल चौक से गड़ाघाट पोल शिफ्टिंग की कहानी अधर में

अधूरी सड़क पर दौड़ रहा निर्माण कार्य, ठेकेदार ने शुरू किया बिना पोल शिफ्टिंग के काम
Betul Ki Khabar: बैतूल। शहर के प्रमुख मार्ग कारगिल चौक से गड़ाघाट तिराहे तक बनाई जा रही 7 करोड़ रुपए की लागत वाली सड़क इन दिनों अधर में लटकी पोल शिफ्टिंग की वजह से सुर्खियों में है। सड़क निर्माण के बीच खड़े बिजली पोल और ट्रांसफार्मर अब भी बड़ी बाधा बने हुए हैं। हालात यह हैं कि ठेकेदार ने पोल और ट्रांसफार्मर वाले हिस्से को छोड़कर सड़क का काम शुरू कर दिया है, जिससे निर्माण कार्य आधा-अधूरा नजर आ रहा है।
दरअसल, पीडब्ल्यूडी द्वारा इस सड़क के निर्माण से पहले अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सख्ती से की जा चुकी है, लेकिन बिजली पोल और ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग का मामला बजट के फेर में फंस गया। जानकारी के अनुसार, सड़क निर्माण में बाधा बन रहे लगभग 100 बिजली पोल और ट्रांसफार्मर हटाने के लिए पीडब्ल्यूडी ने जब बिजली कंपनी से स्टीमेट मांगा तो कंपनी ने करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपए का अनुमानित खर्च बता दिया। इतनी बड़ी राशि खर्च करना पीडब्ल्यूडी के लिए संभव नहीं था, लिहाजा इस स्टीमेट पर सहमति नहीं बन सकी।
बताया जा रहा है कि पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने इस संबंध में बिजली कंपनी से दोबारा पत्राचार कर वस्तुस्थिति से अवगत कराया। इसके बाद शासन स्तर पर विचार हुआ और पोल व ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग के लिए पीडब्ल्यूडी को केवल 80 लाख रुपए खर्च करने की अनुमति दी गई। इसी तय बजट के अनुसार अब नया स्टीमेट तैयार किया गया है। मामले में अगला कदम टेंडर प्रक्रिया रहा। पोल और ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग के लिए टेंडर जारी किए जा चुके हैं, लेकिन नियमानुसार टेंडर ओपन होने की अवधि एक माह की होती है।
पंद्रह दिन बीत चुके हैं और अभी पंद्रह दिन और लगने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में अगले करीब दो सप्ताह तक यह काम शुरू होना मुश्किल माना जा रहा है। इधर, सड़क निर्माण में देरी न हो, इसलिए ठेकेदार ने वैकल्पिक रास्ता अपनाते हुए पोल और ट्रांसफार्मर के आसपास करीब डेढ़ फीट का हिस्सा छोड़कर सड़क निर्माण शुरू कर दिया है।
अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही शिफ्टिंग का काम पूरा होगा, छोड़े गए हिस्से में भी सड़क बना दी जाएगी। हालांकि, अधूरी सड़क और बीच-बीच में छोड़े गए हिस्सों के कारण आने-जाने वालों को असुविधा हो रही है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि यदि शिफ्टिंग में और देरी हुई तो सड़क की गुणवत्ता और यातायात व्यवस्था दोनों प्रभावित हो सकती हैं।
इनका कहना…..
बिजली पोल और ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग के टेंडर लग चुके हैं। जैसे ही टेंडर ओपन होंगे, शिफ्टिंग का काम शुरू कर दिया जाएगा।
एमएस परमार, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी बैतूल




