Betul Food Checking : जिले में पांच दिन तक सक्रिय रही चलित खाद्य प्रयोगशाला, 126 सैंपलों की जांच
काली मिर्च का एक सैंपल जांच में फेल, मिलावटखोरों में मचा हड़कंप

Betul Food Checking बैतूल : खाद्य पदार्थों में मिलावट कर आमजन की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने के लिए जिले में चलित खाद्य प्रयोगशाला ने पांच दिनों तक सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान जिले के विभिन्न शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर खाद्य पदार्थों के कुल 126 सैंपलों की जांच की गई। जांच में एक काली मिर्च का सैंपल मानकों पर खरा नहीं उतर पाया, जिसे फेल घोषित किया गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार चलित लैब जिले में पांच दिन तक सक्रिय रही। इस दौरान किराना दुकानों, सब्जी मंडियों, ठेलों और अन्य खाद्य विक्रेताओं से मसाले, दूध, मिठाइयां, तेल, नमकीन सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। अधिकांश सैंपल जांच में सही पाए गए, लेकिन काली मिर्च के एक सैंपल में मिलावट की पुष्टि हुई है। फेल सैंपल को लेकर आगे नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। चलित खाद्य लैब के जिले में पहुंचने से मिलावटखोरों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
जांच की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि खाद्य पदार्थों की प्राथमिक जांच मौके पर ही कर ली गई। इससे न केवल समय की बचत हुई, बल्कि विक्रेताओं और आम जनता को भी तुरंत परिणाम की जानकारी मिल सकी। पारंपरिक लैब जांच की तुलना में चलित लैब से रिपोर्ट के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ता, जिससे कार्रवाई भी तेजी से संभव हो पाती है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि विक्रेताओं में जागरूकता बढ़ाना और उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है। जांच के दौरान कई दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानकों की जानकारी भी दी गई।
अगले महीने फिर आएगी चलित लैब
जानकारी के मुताबिक बैतूल जिले में अगले महीने एक बार फिर चलित खाद्य प्रयोगशाला आने वाली है। तब भी जिले के अलग-अलग इलाकों में खाद्य पदार्थों की जांच की जाएगी। खाद्य विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट का संदेह हो तो इसकी सूचना विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर लोगों की सेहत की रक्षा की जा सके।
इनका कहना…
चलित लैब से 126 सैंपलों की जांच हुई जिसमें एक सैंपल की रिपोर्ट फेल आई है। अगले माह फिर लैब बैतूल आने वाली है।
– संदीप पाटील, खाद्य निरीक्षक बैतूल




